पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की ली शपथ
पहासू मार्ग पर पर्यावरण सेवक राघवेंद्र चौधरी ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की लोगों को शपथ दिलाई। वहीं सभी से एक-एक पौधा लगाने की अपील की।
जेएनएन, बुलंदशहर। पहासू मार्ग पर पर्यावरण सेवक राघवेंद्र चौधरी ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की लोगों को शपथ दिलाई। वहीं सभी से एक-एक पौधा लगाने की अपील की।
खुर्जा के मंदिर मार्ग निवासी राघवेंद्र सिंह कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा लगाए गए हजारों पौधे पेड़ बन चुके हैं। गुरुवार को उनके नेतृत्व में पहासू मार्ग पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ एसडीएम लवी त्रिपाठी ने पौधा रोपित करते हुए किया। जिसके बाद दर्जनभर स्थानों पर पौधे रोपित किए गए। वहीं एसडीएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हर किसी को आगे आना चाहिए। वहीं राघवेंद्र चौधरी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर प्रत्येक व्यक्ति यह निश्चय कर लें कि उसे एक पौधे को पेड़ अवश्य बनाना है, तो हरियाली से पृथ्वी का श्रृंगार आसानी से हो जाएगा। वहीं उन्होंने लोगों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने की शपथ दिलाई।