पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और पेड़ वाले अंकल नाम से प्रसिद्ध राघवेंद्र चौधरी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लोगों से पेड़ों का कटान नहीं करने की अपील की।
बुलंदशहर, जेएनएन। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और पेड़ वाले अंकल नाम से प्रसिद्ध राघवेंद्र चौधरी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लोगों से पेड़ों का कटान नहीं करने की अपील की।
खुर्जा के श्रीनवदुर्गा शक्ति मंदिर मार्ग निवासी राघवेंद्र चौधरी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बचपन से ही कदम उठा रहे हैं। जिसके चलते बच्चे उन्हें पेड़ वाले अंकल के नाम से भी पुकारते हैं। वर्तमान में उनके द्वारा लगाए गए हजारों पौधे वृक्ष बन लहलहा रहे हैं। अब राघवेंद्र चौधरी शुक्रवार को टीम के साथ तहसील मार्ग पर पहुंच गए। जहां उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम ईशा प्रिया, एसपी देहात हरेंद्र सिंह, ईओ अविनाश प्रताप सिंह, ऊर्जा निगम के एक्सईएन महेश उपाध्याय के साथ 15 पौधे लगाए। साथ ही उनकी देखरेख की जिम्मेदारी भी ली। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि सभी लोगों को पौधे लगाने चाहिए। जिससे पर्यावरण का संतुलन बना रहे। इसके अलावा राघवेंद्र चौधरी ने बताया कि उनका लक्ष्य एक लाख वृक्ष बनाने का है। जिससे खुर्जा देश में हरियाली के मामले में टॉप पर पहुंच सके। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पौधे लगाने और उनकी देखरेख करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।