तालाब में तब्दील हुआ किला मार्ग, लोगों को हो रही परेशानी
किला मार्ग पिछले काफी समय से तालाब में तब्दील है। जिस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं मार्ग पर जलभराव के कारण आसपास के मकानों में भी सीलन पहुंच रही है। वहीं जलभराव के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
जेएनएन, बुलंदशहर । किला मार्ग पिछले काफी समय से तालाब में तब्दील है। जिस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं मार्ग पर जलभराव के कारण आसपास के मकानों में भी सीलन पहुंच रही है। वहीं जलभराव के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
नगर की चमन विहार कालोनी से किला की तरफ मार्ग जाता है। जिस मार्ग से कालोनी के लोगों और गांव किला के ग्रामीणों का आवागमन होता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से किला मार्ग पूरी तरह से तालाब में तब्दील है। जिसका कारण चमन विहार कालोनी के पानी की निकासी नहीं होना है। कालोनी में पानी निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में घरों का पानी नालियों के जरिए सड़क पर ही आकर भर रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह जलभराव की समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में यह समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ पानी में पनप रहे मच्छरों के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बन गया है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। इसमें विजेंद्र कुमार, निगमेंद्र, आकाश, हरि कुमार, संजीव सिंह, दुष्यंत, विजयपाल, कुशल आदि रहे।
चकरोड निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप
बुलदंशहर : स्याना तहसील के गांव फरीदाबांगर के ग्रामीणों ने चकरोड निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र देकर चकरोड का निर्माण रुकवाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में सतपाल सिंह, सुरेश चंद, कुलदीप, शमशाद खान, आदित्य कुमार, हुकम सिंह ने आरोप लगाया है कि गांव में जिला पंचायत की ओर से खेतों के जाने के लिए करीब 700 मीटर और आठ फिट तीन इंच चौड़ी चकरोड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बराबर में एक ओर सिचाई की नाली है। चकरोड को करीब 22 फिट तक चौड़ा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे चकरोड से लगे खेतों की भूमि को अवैध रूप से कब्जा करने में दंबग लगे हैं। ग्रामीणों ने चकरोड और सरकारी नाली का नक्शा साथ लगाकर डीएम से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।