गंगा नदी पर अब जल्द आकार लेगा पक्का पुल, शुरू हुई कवायद
जेएनएन बुलंदशहर जिले की स्याना तहसील के ऊंचागांव ब्लाक के गांव मडैया माली में गंगा नदी पर अब पक्का पुल जल्द ही आकार लेना शुरू कर देगा। शुक्रवार को सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से पुल के प्वाइंट का निरीक्षण किया।

जेएनएन, बुलंदशहर: जिले की स्याना तहसील के ऊंचागांव ब्लाक के गांव मडैया माली में गंगा नदी पर अब पक्का पुल जल्द ही आकार लेना शुरू कर देगा। शुक्रवार को सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से पुल के प्वाइंट का निरीक्षण किया।
जनपद की स्याना तहसील के विकास क्षेत्र ऊंचागांव के गांव थाना गजरौला के माजरा मैडया माली में गंगा नदी पर पुल निर्माण की कवायद तेज कर दी है। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक डीके गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता हरस्वरूप सिंह के साथ सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग के अफसरों को लेकर पुल के एलाइमेंट के हिसाब से मडैया माली में साइट का निरीक्षण किया। गंगा नदी के किनारे आ रही जमीन का एलाइमेंट के हिसाब से बिदुवार निरीक्षण करने के बाद टीम नाव में सवार हो कर गंगा पार प्वाइंट चेक करने पहुंची। टीम आने की सूचना पर क्षेत्र के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सेतु निगम के सीपीएम व डीपीएम ने शिक्षक प्रवीण कुमार समेत पूर्व जिपं सदस्य महेश लोधी के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा भी की। पुल निर्माण का कार्य दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाएगा। इस दौरान राजकुमार भाटी, गिरवर सिंह, जगत सिंह, मुनिदेव समेत क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।
..
पुल निर्माण पर नजर
पुल की लंबाई - 1062.65 मीटर
निर्माण पर खर्च होने वाली धनराशि- 8318.90 लाख रुपये
..
टीम में यह अफसर रहे शामिल
सेतु निगम डीपीएम शशिभूषण वाष्र्णेय,पीडब्ल्यूडी एक्सईएन प्रताप सिंह,जगदीश प्रसाद,एई ओमप्रकाश, जेई प्रदीप चौहान राजीव कुमार व महिपाल सिंह शामिल रहे।
..
सेतु निर्माण का किया था वादा
ऊंचागांव निवासी ब्रह्मपाल सिंह भाटी नवंबर 2020 में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। जवान की शहादत के बाद मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में सांत्वना देने आएं गन्ना राज्य मंत्री सुरेश राणा के सामने शहीद के स्वजन ने पुल निर्माण की मांग की थी। गन्ना मंत्री तब स्वजन और क्षेत्रवासियों को शहीद ब्रह्मपाल सिंह भाटी के नाम पर गंगा नदी पर पुल निर्माण कराने का आश्वासन दिया था।
..
इन्होंने कहा..
ऊंचागांव के मढैया माली से अमरोहा के विरामपुर तक गंगा नदी पर सेतु निर्माण के लिए प्वाइंट का निरीक्षण किया गया। दिसंबर माह के पहले सप्ताह में काम शुरू कराया जाएगा।
- शशि भूषण, डिप्टी परियोजना प्रबंधक सेतु निगम
Edited By Jagran