सिर पर प्रहार कर बीस वर्षीय युवक की निर्मम हत्या
रात को खेत पर गए युवक का शव उसके घर से दूर एक व्यक्ति के घर से मिला। युवक के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गयी है। पुलिस हत्या का कारण अवैध संबंध मानकर चल रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन। रात को खेत पर गए युवक का शव उसके घर से दूर एक व्यक्ति के घर से मिला। युवक के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गयी है। पुलिस हत्या का कारण अवैध संबंध मानकर चल रही है। जिस घर में मृतक का शव मिला उस घर के लोग मौके से फरार हैं। फील्ड यूनिट की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस संबंध में मृतक के भाई ने गांव के ही सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के गांव घुसराना हरी सिंह निवासी रामू (20) पुत्र कल्लू सिंह के सिर पर किसी वजनदार चीज से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई। रामू का शव उसके घर से करीब 40 मीटर दूर गांव के ही मोनू पुत्र राजपाल सिंह के मकान के पिछले हिस्से में मिला। मोनू दूसरे शहर में ड्राइवर का कार्य करता है। अधिकांश घर के बाहर रहता है। घर पर मोनू की पत्नी व दो छोटे बच्चे रहते हैं। मृतक रामू के बड़े भाई नीतू सिंह ने बताया कि उसका भाई रामू सोमवार शाम सात बजे खेत पर गया था। देर रात तक घर लौटकर वापस नहीं आया। स्वजनों ने खेत पर ही होने की आशंका से उसे तलाश नहीं किया। मंगलवार सुबह ग्रामीण ने फोन पर स्वजनों को रामू की मौत की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन घटना स्थल पर पहुंचे। सीओ वंदना शर्मा व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुभाष सिंह ने पहुंचकर घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए। स्वजनों ने बताया कि रामू चार भाई व तीन बहनों में सबसे छोटा व अविवाहित था। पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया। सीओ वंदना शर्मा ने बताया कि रामू का मोनू के घर आना जाना था। मोनू ड्राइवर के कार्य के कारण अधिकांश घर से बाहर रहता था। घर में मोनू की पत्नी व उसके दो छोटे बच्चे रहते थे। घटना वाले दिन रामू मोनू के घर गया था। यहां मोनू के भाई व भतीजे से रामू का विवाद हुआ था। इसी में रामू की हत्या हुई। मोनू के घर के लोग फरार है। उन्हें तलाशा जा रहा है। इस संबंध में देर शाम मृतक के भाई नीतू सिंह ने गांव के ही सात लोगों सत्यवीर सिंह पुत्र रतन सिंह, कालू पुत्र रतन सिंह, सचिन पुत्र सत्यवीर, गोलू पुत्र सत्यवीर, कुलदीप पुत्र महेंद्र सिंह, रिचा पत्नी मोनू व मोनू पुत्र राजपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।