संपत्ति के लिए वृद्धा की गला दबाकर हत्या
थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में सोमवार रात एक वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका का शव कमरे में मिला। पुलिस ने कई परिचितों से पूछताछ की है।
दानपुर, (बुलंदशहर): थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में सोमवार रात एक वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका का शव कमरे में मिला। पुलिस ने कई परिचितों से पूछताछ की है।
अकीला बेगम (78) वर्ष पत्नी आबिद खां अपने मायके दौलतपुर में रहती थी। नि:संतान अकीला बच्चों को कुरान शरीफ पढ़ाती थी। पति की 24 वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। मंगलवार सुबह अकीला का शव कमरे में पड़ा मिला। हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। नाक और कान से खून बह रहा था। पुलिस हत्या का कारण जमीनी लालच मान रही है। अकीला के नाम 53 बीघा जमीन, एक मकान और गांव में लगभग चार सौ गज का प्लाट है। इसमें से उसने आठ बीघा जमीन गांव की मस्जिद और प्लाट को रंग महल के नाम कर दिया है, जबकि 45 बीघा जमीन को अकीला बेचना चाहती थी। एसपी देहात मनीश मिश्रा ने मौका मुआयना किया। रिश्तेदारों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।