शांतिपूर्ण मतदान के लिए दिनभर दौड़ते रहे अफसर
विधानसभा उपचुनाव मंगलवार की शाम छह बजे सकुशल संपन्न हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से खुद जिलाधिकारी रविद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह पूरे क्षेत्र में नजर बनाए हुए थे। गांवों में भी पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा और बूथ पर अलग से ड्यूटी लगी थी।
जेएनएन, बुलंदशहर। विधानसभा उपचुनाव मंगलवार की शाम छह बजे सकुशल संपन्न हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से खुद जिलाधिकारी रविद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह पूरे क्षेत्र में नजर बनाए हुए थे। गांवों में भी पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा और बूथ पर अलग से ड्यूटी लगी थी। पूरी सदर विधान सभा सीट पर जहां-जहां पर वोट पड़े हैं। कहीं पर भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
बता दें कि सोमवार की शाम को ही जिलाधिकारी रविद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने सुरक्षा की दृष्टि से रणनीति बना ली थी। सभी खुफिया एजेंसियों को बूथों पर लगा दिया था। वहीं, एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए अपने सिविल पुलिसकर्मी भी प्राइवेट वर्दी में हर बूथ पर लगा दिया था। इसके अलावा दोनों अधिकारी लाव लश्कर के साथ सुबह सात बजे ही बूथों पर निकल गए थे। दोनों अधिकारियों ने अलग अलग काफिले के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान ईवीएम, मतदेय स्थल पर कर्मचारियों के बारे में जानकारी ली। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वह किसी के दबाव में न आकर काम करें। निष्पक्ष काम करें। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के कंट्रोल रूम में एक भी झगड़े की सूचना नहीं आई। हर मतदान स्थल पर सकुशल चुनाव संपन्न हुआ है। सुरक्षा में यह फोर्स रहा तैनात
चार एडीशनल एसपी, 13 सीओ, 450 दारोगा, 2500 सिपाही, 2200 होमगार्ड तो पुलिस विभाग से तैनात रहे। इनमे मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद से आया फोर्स भी शामिल रहा। सीआरपीएफ की तीन कंपनियां और पीएसी की चार कंपनियां भी सुरक्षा में लगी रही। वहीं, 200 से अधिक रिक्रूटमेंट भी सुरक्षा में लगे रहे। इसके अलावा खुद डीएम और एसएसपी लगातार फोर्स को समय समय पर मतदान स्थलों पर पहुंचकर संबोधित करते रहे।