नहीं सुधरे सर्विस मार्ग के हालात, ग्रामीणों में रोष
गांव मुनि स्थित फ्लाईओवर के सर्विस मार्ग की हालत बेहद खराब है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों द्वारा तहसील पर प्रदर्शन किया गया तो अधिकारियों से वार्ता करते हुए उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन उसके बाद भी मार्ग के हालत नहीं सुधरे हैं और राहगीरों को अभी भी बदहाल सर्विस मार्ग से होकर निकलना पड़ रहा है।
जेएनएन, बुलंदशहर। गांव मुनि स्थित फ्लाईओवर के सर्विस मार्ग की हालत बेहद खराब है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों द्वारा तहसील पर प्रदर्शन किया गया, तो अधिकारियों से वार्ता करते हुए उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन उसके बाद भी मार्ग के हालत नहीं सुधरे हैं और राहगीरों को अभी भी बदहाल सर्विस मार्ग से होकर निकलना पड़ रहा है।
गांव मुनि पर हाईवे-91 का फ्लाईओवर बना है। जिसके दोनों तरफ हाईवे निर्माण कंपनी ने सर्विस मार्ग के लिए जगह छोड़ी थी। एक तरफ तो सड़क बनी हुई है, जबकि दूसरी तरफ मार्ग नहीं बना है। इतना ही नहीं मार्ग का नाला भी अधूरा पड़ा हुआ है। जिस कारण पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में गांव व बारिश का पानी सर्विस मार्ग पर ही एकत्र हो रहा है। जबकि इसी मार्ग से होकर गांव मुनि, मुनि की नगलिया, सरसौल, भुल्लनगढ़ी, शाहपुर, भोगपुर, रूदरी, हलपुरा, ढकपुरा समेत दर्जनभर गांवों का रास्ता है। मार्ग के बदहाल होने के कारण राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसको लेकर बीते दिनों गांव मुनि के ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन किया था। जिसके अगले दिन तहसीलदार सर्विस मार्ग पर पहुंचे थे और लोगों को शीघ्र समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है।
.......
बोले ग्रामीण..
सर्विस मार्ग की हालत पिछले काफी समय से बदहाल है। जिसको लेकर दर्जनों बार प्रदर्शन किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में अब सिर्फ आंदोलन करना ही विकल्प बचा है।
--विपिन शर्मा।
हाईवे-91 के निर्माण के दौरान ही गांव मुनि में फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया था। जिसके सर्विस मार्ग पर नाले और सड़क का कार्य अधूरा पड़ा है। ऐसे में दर्जनभर से अधिक ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
--हर्षित शर्मा।
....
कोट..
गांव मुनि स्थित सर्विस मार्ग के निर्माण को लेकर हेड आफिस को अवगत करा दिया गया है। वहीं सर्विस मार्ग पर कई बार पानी की निकासी भी कराई जा चुकी है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
--पीपी सिंह, परियोजना निदेशक, पीएनसी अलीगढ़।