18 घंटों में घटी पराली जलाने की नौ घटनाएं
कृषि विभाग पुलिस ग्राम प्रधान बीडीओ और लेखपालों को पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नामित किया गया है। लेकिन इस पर कोई भी गंभीर नहीं है। कृषि विभाग को दिल्ली की सैटेलाइट से घटना घटित होने के बाद जानकारी मिल रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन। कृषि विभाग, पुलिस, ग्राम प्रधान, बीडीओ और लेखपालों को पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नामित किया गया है। लेकिन इस पर कोई भी गंभीर नहीं है। कृषि विभाग को दिल्ली की सैटेलाइट से घटना घटित होने के बाद जानकारी मिल रही है। लापरवाही का आलम यह है कि मात्र 18 घंटों में नौ घटनाएं पराली जलाने की जनपद में घटित हो चुकी हैं। स्याना क्षेत्र में दो किसानों ने पराली के साथ-साथ खेत में खड़े हरे पेड़ भी जला दिए हैं। कृषि विभाग ने एक महिला सहित पांच आरोपितों के खिलाफ पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और ढाई-ढाई हजार रुपये जुर्माना भी वसूला है। खबर लिखे जाने तक चार लोकेशन की खोज में टीम जुटी थी।
वायु प्रदूषण करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी और जुर्माना भी अधिक वसूला जाएगा। पराली की घटनाएं वायु को लगातार प्रदूषित कर रही है लेकिन जागरुकता के बाद भी अराजक तत्व अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को सैटेलाइट द्वारा कृषि विभाग को जियो पोर्टल पर अलग-अलग पांच स्थानों पर पराली जलाने की घटनाओं की लोकेशन भेजी गई थी। कृषि विभाग की टीम ने स्याना क्षेत्र के रानापुर गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र कांतिप्रसाद और डालचंद पुत्र बिशंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर ढाई-ढाई हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। जबकि बीबीनगर क्षेत्र के गांव कोटा कबूलपुर की अनिता पत्नी प्रेमपाल और सदर क्षेत्र के फतेह मोहम्मद पुत्र रहमान निवासी सुतारी तथा अनूपशहर क्षेत्र के गांव खनौदा निवासी सुनील पुत्र प्रेमपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज और जुर्माना वसूला गया है।
...
शुक्रवार को भी चार स्थानों पर जली पराली
सैटेलाइट द्वारा शुक्रवार को भी जनपद में चार स्थानों पर पराली जलाने की घटनाओं की बाबत लोकेशन भेजी गई है। दो लोकेशन अनूपशहर, एक सिकंदराबाद और एक शिकारपुर क्षेत्र की घटना शामिल है। लोकेशन मिलते ही टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी हैं।
...
इन्होंने कहा..
पराली न जलाने के लिए जागरुकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है, ग्राम प्रधानों का सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है। सोमवार से विशेष अभियान चलाकर टीमों को गस्त के लिए भेजा जाएगा।
-आरपी चौधरी, उपनिदेशक कृषि