जिले में फिर फूटा कोरोना बम, 406 नए मिले संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ रहा है। जिले में रविवार को 406 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जबकि 256 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 1755 हो गई है।
बुलंदशहर, जेएनएन। जिले में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ रहा है। जिले में रविवार को 406 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जबकि 256 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 1755 हो गई है।
जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी के साथ बढ़ने के बावजूद लोग लापरवाही छोड़ने को तैयार नहीं हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार जिले के बुलंदशहर में 99, गुलावठी में 56, खुर्जा में 44 , ऊंचागांव में 37,अरनियां में 36, स्याना में 26, अनूपशहर में 24, पहासु व सिकंदराबाद में 10-10 समेत विभिन्न स्थानों समेत 406 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिससे जनपद में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22512 हो गई। वहीं, 256 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। जिससे अब तक स्वस्थ होने वाले संक्रमितों की संख्या भी बढ़ कर 20511 हो गई है।
जिले में एक्टिव केस की संख्या भी बढ़कर 1755 पहुंच गई है। 364 की आरटीपीसीआर व 42 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। संक्रमितों की संख्या तेजी के साथ बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन में हलचल मच गई है। वहीं, कोरोना संक्रमितों की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए लोगों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करना होगा। लापरवाही छोड़ घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग व आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकले। जिससे कोरोना की संक्रमितों की बढ़ती रफ्तार पर ब्रेक लग सके।
..
इन्होंने कहा..
जिले में 406 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। सभी सावधानी बरतें, मास्क के प्रयोग साथ ही कोविड प्रोटोकाल का पालन करें। आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले।
- डा. रोहताश यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी