सास ने निगला जहर, बहू ने किया आत्मदाह का प्रयास
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खाद मोहननगर में खेतों की पैमाइश करने पहुंची चकबंदी टीम का सास-बहू ने अजीब-ओ-गरीब ढंग से विरोध किया।
बुलंदशहर, जेएनएन : कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खाद मोहननगर में खेतों की पैमाइश करने पहुंची चकबंदी टीम का सास-बहू ने अजीब-ओ-गरीब ढंग से विरोध किया। टीम पैमाइश करने से नहीं रुकी तो सास ने कीटनाशक निगल लिया जबकि बहू केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
गुरुवार को कानूनगो सहदेव शर्मा, लक्ष्मण सिंह, लेखपाल मान सिंह, संदीप कुमार, नीरज समेत चकबंदी विभाग की टीम पुलिस के साथ संजीव पुत्र जगवीर के खेतों की पैमाइश करने पहुंचे। इसी दौरान पड़ोसी खेत स्वामी रणपाल की पत्नी पुष्पा देवी व पुत्रवधू रजनी खेतों पर पहुंच गईं। दोनों ने घर में कोई पुरुष नहीं होने की बात कहते हुए टीम को पैमाइश करने से रोकने की कोशिश की। पैमाइश नहीं रुकी तो पुष्पा देवी ने मौके पर ही कीटनाशक निगल लिया, जबकि रजनी ने खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। तत्काल दोनों महिलाओं को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
एसडीएम सुभाष सिंह व कोतवाली प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। एसपी देहात मनीष कुमार ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि गांव में चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अभी कुछ चकों पर कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही नहीं हो पाई है। इसी के चलते चकबंदी विभाग की टीम संजीव के खेतों की पैमाइश करने गई थी।
इसी बीच संजीव के चाचा रणपाल की पत्नी पुष्पा देवी व पुत्रवधू रजनी ने पैमाइश का विरोध करते हुए आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों का उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।