प्रथम नवरात्रि पर मां शैलपुत्री की हुई पूजा
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन डिबाई नगर क्षेत्र के मंदिरों में मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
बुलंदशहर, जेएनएन। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन डिबाई नगर क्षेत्र के मंदिरों में मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान नगर के मां चामुंडा मंदिर, पथवारी देवालय, सत्यनारायण मंदिर, दाऊजी मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर सहित कर्णवास के मां कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर के महंतों ने मंदिर में विराजमान माता रानी की प्रतिमा को सुन्दर सुन्दर पोशाक पहना कर भव्य रूप से सजाया। वहीं, श्रद्धालुओं ने घरों में माता रानी की चौकी सजाने के बाद पूजा अर्चना की।
प्रथम नवदुर्गा में गंगा स्नान के साथ रखा व्रत
संवाद सूत्र, अनूपशहर: नवदुर्गा के प्रथम दिन दूर दराज से आई महिलाओं ने आस्था के चलते गंगा स्नान करके अपनी मान्यता के अनुसार मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। प्रथम नवदुर्गा के दिन दूर दराज से आई अनेक महिलाओं ने गंगा स्नान कर मंदिरों में जाकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। नगर में नगर कोट वाली देवी मंदिर में जाकर नगर व क्षेत्र की महिलाओं व युवतियों ने पूजा- अर्चना के साथ व्रत रखा। इस मौके पर नागरिकों ने कोतवाली पुलिस से नवदुर्गा के दौरान पुल से मंदिर तक सुबह चार बजे से सात बजे तक पुलिस व्यवस्था कराने की मांग की है।