एक्सप्रेस-वे के निर्माण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
उपभोक्ता जागृति मंच के तत्वाधान में स्याना नगर के सामाजिक व राजनैतिक संगठनों ने बुलंदशहर गंगा तटीय सीमा के समानान्तर गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
बुलंदशहर, जेएनएन। उपभोक्ता जागृति मंच के तत्वाधान में स्याना नगर के सामाजिक व राजनैतिक संगठनों ने बुलंदशहर गंगा तटीय सीमा के समानान्तर गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। बुधवार को उपभोक्ता जागृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश त्यागी के नेतृत्व में नगर के राजनैतिक व समाजिक संगठनों के कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे।
कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए महेश त्यागी ने कहा कि प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे के प्रथम सर्वे से जिले के तटीय क्षेत्रों में विकास की संभावनाएं बनी थी। लेकिन अब जिला का आंशिक भाग शामिल कर गंगा पार अमरोहा में पहुंचा दिया है। त्यागी ने कहा कि स्याना तहसील के ग्राम भगवानपुर गंगा घाट पर नदी पर बने पक्के पुल से मात्र 4 किमी की दूरी पर एक और पक्का पुल बनाकर जहां एक ओर गंगा पर पुल निर्माण की निर्धारित शर्तो का उल्लंघन होगा, वहीं दूसरी तरफ राजकोष को लगभग 200 करोड़ रुपये का नुकसान होगा। जिसके बाद मौजूद लोगों ने प्रथम सर्वे के आधार पर बुलंदशहर जिले के स्याना से नरौरा तक लगभग 50 किमी लंबे गंगा तटीय भू भाग को शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुभाष सिंह को सौंपा। इस दौरान व्यापार संघ के नगराध्यक्ष राजेश चौहान, तहसील वार एसोसिएशन के सचिव प्रदीप कुमार, सपा विधानसभा अध्यक्ष ब्रहम सिंह मलिक, लोधी राजपूत जागृति समिति अध्यक्ष विजय लोधी, कांग्रेस के पूर्व नगराध्यक्ष शेरू त्यागी, पंकज त्यागी, मनोज त्यागी, दयाचंद शर्मा व पंकज त्यागी आदि मौजूद रहे। नितिन त्यागी।