मंडी में व्यापारियों की हो थर्मल स्क्रीनिंग
जिले की नौ मंडियों में अनलॉक-1 के नियमों के पालन में कोताही बरती जा रही है। वैश्विक महामारी से बचने के लिए सैनिटाइजर और बाहरी जनपदों और राज्यों से आवाजाही करने वाले आढ़तियों और ट्रक चालकों का थर्मल स्क्रीनिंग हो तो सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम माना जाए।
बुलंदशहर जेएनएन। जिले की नौ मंडियों में अनलॉक-1 के नियमों के पालन में कोताही बरती जा रही है। वैश्विक महामारी से बचने के लिए सैनिटाइजर और बाहरी जनपदों और राज्यों से आवाजाही करने वाले आढ़तियों और ट्रक चालकों का थर्मल स्क्रीनिंग हो तो सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम माना जाए। हालांकि पुलिस पिछले तीन दिनों से रोजाना सात बजे ही मंडी बंद करा रही है और लोगों को नियमों का पालन करने के लिए वाहन में लगी लाउडस्पीकर से जागरूक कर रही है।
मंडियों में शारीरिक दूरी का पालन न करने पर कई मंडियों में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है। मेरठ मंडी में कई व्यापारी और वाहन चालकों और इनके संपर्क में आने से ग्राहक भी संक्रमण की चपेट में आ गए थे। इससे सबक लेकर मंडियों में होने वाले व्यापार को सात बजे तक की समय सीमा निर्धारित की गई है। अनूपशहर रोड स्थित मंडी में जिला प्रशासन ने फल, अनाज और सब्जी की मंडियों का दायरा बढ़ाते हुए शारीरिक दूरी का नियम फालो करने के निर्देश मंडी सचिव को दिए थे। शुरुआत में इन नियमों का पालन किया गया लेकिन धीरे-धीरे इन नियमों को दरकिनार कर दिया गया है। पुलिस भी मंडी से नदारद हो गई थी। गत सप्ताह दैनिक जागरण में इस लापरवाही को उजागर किया था। इसके बाद से पुलिस मंडी में पहुंचकर सात बजे तक व्यापारियों को प्रतिष्ठान बंद करने और शारीरिक दूरी बनाने के लिए आगाह कर रही है। चार आढ़ती संदेह के घेरे में
दरअसल, कई दिनों से चार आढती मंडी में नहीं पहुंच रहे हैं। इनके प्रतिष्ठानों पर भी ताले लगे हैं। मंडी में चर्चा है कि चारों व्यापारी किसी न किसी बीमारी से ग्रसित हैं। हालांकि मंडी में इनके संक्रमित होने की चर्चा जोरों पर है। नियम दरकिनार
दरअसल, मंडी गेट पर सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं है। मंडी में बगैर मास्क एंट्री बंद है लेकिन कुछ लोग दबंगई दिखाते हुए मंडी में बगैर मास्क के एंट्री कर रहे हैं। व्यापारी चबूतरे छोड़कर मंडी की मुख्य सड़कों पर फल और सब्जी की बोली रोजाना बोली लगा रहे हैं। इन्होंने कहा..
एक सप्ताह पूर्व मंडी में भीड़ बढ़ने की शिकायत आई थी। पुलिस और मंडी कर्मचारियों को शारीरिक दूरी बनाने और पुलिस को सात बजे मंडी बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।
-अभय कुमार मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट