कोरोना का बड़ा विस्फोट, बुलंदशहर में मिले 54 नए केस
रविवार को कोरोना वायरस का जिले में अब तक का सबसे बड़ा विस्फोट हुआ। एक दिन में कोरोना के 54 नए पॉजिटिव केस मिले जबकि ककोड़ और खानपुर की एक-एक वृद्धा की मौत के बाद आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बुलंदशहर, जेएनएन। रविवार को कोरोना वायरस का जिले में अब तक का सबसे बड़ा विस्फोट हुआ। एक दिन में कोरोना के 54 नए पॉजिटिव केस मिले, जबकि ककोड़ और खानपुर की एक-एक वृद्धा की मौत के बाद आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीजों को शिफ्ट करने, हॉट स्पॉट बनाने और सील करने की कार्रवाई में अधिकारी दिनभर जुटे रहे। जिले में अब पॉजिटिव केस की संख्या 233 हो गई है। इनमें से 104 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि सात लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 122 हैं।
शनिवार की देर रात से रविवार शाम तक आई जांच रिपोर्ट में 54 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक 44 मामले सिकंदराबाद में मिले। यहां सरकारी अस्पताल की एएनएम, वार्ड ब्वॉय, एलटी और सीएचसी अधीक्षक का बेटा भी शामिल है। गुलावठी में दो केस, डिबाई में एक सर्राफ कारीगर, स्याना के गांव बड्ढा वाजिदपुर में एक केस और ककोड़ में तीन केस मिले हैं। दो वृद्धा की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें ककोड़ की वृद्धा जिसकी हादसे में शुक्रवार को मौत हो गई थी, उसकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही खानपुर क्षेत्र के गांव अमरपुर निवासी एक वृद्धा की भी कोरोना से मेरठ में शनिवार को मौत हो गई। इसकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
अचानक इतने केस मिलने के बाद अफसरों में खलबली मच गई। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का पूरा फोकस सिकंदराबाद पर लग गया है। नए मिले मरीजों को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर क्वारंटाइन किया जा रहा है। सभी की जांच भी की जा रही है। साथ ही प्रशासन और पुलिस पॉजिटिव केस मिलने वाले क्षेत्रों को हॉट स्पाट घोषित कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। इनका कहना है..
लोगों की लापरवाही के कारण कोरोना की चेन मजबूत हो रही है। लोग समझदारी दिखाएंगे तो कोरोना को रोकने में आसानी होगी। डीएम ने लोगों से अपील की है, कि जरुरी काम से ही घर से बाहर निकलें। बाजार में जाएं तो मास्क पहने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। शारीरिक दूरी का पालन जरूर करें।
- रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी।