राकेश टिकैत पर हुए हमले के विरोध में जेवर मार्ग किया जाम
बुलंदशहर जेएनएन राजस्थान के अलवर में किसान नेता राकेश टिकैत पर हुए हमले के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जेवर मार्ग को जाम कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों के निर्देश पर करीब 40 मिनट कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया।
बुलंदशहर, जेएनएन: राजस्थान के अलवर में किसान नेता राकेश टिकैत पर हुए हमले के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जेवर मार्ग को जाम कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों के निर्देश पर करीब 40 मिनट कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया।
कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता देश के अलग-अलग हिस्सों में दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में जब वह शुक्रवार को राजस्थान के अलवर पहुंचे, तो उनके काफिले पर हमला किया गया। जिसकी जानकारी होने पर भाकियू के जिलाध्यक्ष अनिल उर्फ बब्बन प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ता जेवर मार्ग पर गांव मदनपुर के निकट पहुंच गए और करीब साढ़े छह बजे नारेबाजी करते हुए उन्होंने जेवर मार्ग पर जाम लगा दिया। साथ ही जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता पर हुए हमले की वह निदा करते हैं। यह किसान की आवाज को दबाने का प्रयास है। किसी भी कीमत पर किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। किसान एकजुटता दिखाएं और कृषि कानून को वापस लेने तक अपना विरोध जताते रहे। जाम लगने की सूचना पर कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करते रहे। संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले निर्देश के बाद उन्होंने 7.10 बजे जाम खोल दिया। इसमें आलोक चौधरी, रामदास, सुदेश कुमार, कैलाश भागमल गौतम, रामवीर गौतम, रवि, जादौन, राकेश चौधरी, सुक्की चौधरी, पिटू कुमार, कपिल, सुरेंद्र सिंह, सुनील, भूदेव सिंह आदि रहे।