ठेके पर घर-घर से कूड़ा उठवाएगी पालिका
गंदगी और दुर्गध झेल रहे शहरवासियों के लिए राहतभरी खबर है। पालिका अब घर-घर से कूड़ा उठवाएगी। इसके लिए इसी सप्ताह टेंडर निकाला जाएगा। अक्टूबर माह के अंत तक कार्यदायी संस्था कूड़ा उठाना शुरू कराएगी।
बुलंदशहर, जेएनएन। गंदगी और दुर्गध झेल रहे शहरवासियों के लिए राहतभरी खबर है। पालिका अब घर-घर से कूड़ा उठवाएगी। इसके लिए इसी सप्ताह टेंडर निकाला जाएगा। अक्टूबर माह के अंत तक कार्यदायी संस्था कूड़ा उठाना शुरू कराएगी। हालांकि पालिका का दावा है कि अभी भी घर-घर से कूड़ा कर्मचारी उठा रहे हैं, लेकिन शहर की गली और सड़क के किनारे लगे कूड़े के ढेर इस दावे की कलई खोल रहे हैं।
अधिशासी अधिकारी निहालचंद का कहना है कि कूड़ा उठाने की समस्या का निराकरण करने के लिए ही पालिका ने योजना बनाई है। जिसका प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास हो चुका है। योजना के तहत घर और दुकान के बाहर गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्र करने के लिए दो-दो डस्टबिन रखी जाएंगी। टेंडर निकालकर कूड़ा उठाने के लिए कार्यदायी संस्था का चयन किया जाएगा। अक्टूबर के अंत तक घरों से कूड़ा उठना शुरू हो जाएगा। कूड़ा उठाने के बदले प्रत्येक घर से पचास रुपये प्रतिमाह यूजर चार्ज वसूला जाएगा। दुकान और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज वसूलने की दर अलग रहेंगी।