यात्रा ने जन-जन के मन में बहा दी गंगा
पश्चिमी यूपी के सबसे बड़े सियासी जिले में भाजपा की गंगा यात्रा का उत्साह और उमंग गजब का नजर आया। यात्रा में शामिल लोग तो जयकारे लगा ही रहे थे जो किसी भी कारण से यात्रा तक नहीं पहुंच पाए वो भी दिनभर गंगा यात्रा को ही लेकर चर्चा करते नजर आए।
बुलंदशहर, जेएनएन। पश्चिमी यूपी के सबसे बड़े सियासी जिले में भाजपा की गंगा यात्रा का उत्साह और उमंग गजब का नजर आया। यात्रा में शामिल लोग तो जयकारे लगा ही रहे थे, जो किसी भी कारण से यात्रा तक नहीं पहुंच पाए वो भी दिनभर गंगा यात्रा को ही लेकर चर्चा करते नजर आए। भगवा रंग में रंगी गंगा यात्रा ने सभी के मन में गंगा बहा दी है।
पिछले कई दिनों से गंगा यात्रा को लेकर जबरदस्त तैयारी चल रही थी। भाजपाइयों के साथ ही मां गंगा में आस्था रखने वाले किसान, व्यापारी, मजदूर, आम आदमी और छात्र सभी गंगा यात्रा की झलक देखने के मन बना चुके थे। उसी के हिसाब से लोगों ने दिनचर्या का शेड्यूल भी बनाया। लेकिन खराब मौसम के चलते बहुत से लोग पहुंच नहीं पाए, कुछ संसाधनों की कमी तो कुछ निजी काम में व्यवस्तता के कारण यात्रा का अपने जिले में स्वागत नहीं कर पाए। बावजूद इसके यात्रा मार्ग से पचास-साठ किलोमीटर की दूरी तक बुलंदशहरवासी गंगा को लेकर ही चर्चा करते नजर आए। गंगा यात्रा को लेकर लोगों के मन में तमाम सवाल उठ रहे थे तो लोग एक दूसरे के सवालों का स्वयं ही जवाब देते नजर आए। मां गंगा के अधिकांश भक्तों के मुख से बस इतना ही निकल रहा था, कि चलो भाजपाई आइ है तो गंगा के लिए भी संजीवनी लाई है। अतिक्रमण, अवैध खनन और प्रदूषण से मां गंगा की पवित्रता और अस्तित्व दोनों खतरे में थे। लेकिन अब गंगा मां पर बहुत ध्यान दिया जा रहा है। शहर से देहात तक तमाम चौराहों, सड़कों और चाय की दुकानों पर पर बैठने वाले लोग मां गंगा और गंगा यात्रा को लेकर ही चर्चा करते रहे।