भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग परेशान : अजित सिंह
राष्ट्रीय लोकदल की किसान बचाओ महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि इस सकरार में समाज का हर वर्ग परेशान है।
बुलंदशहर, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल की किसान बचाओ महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि इस सकरार में समाज का हर वर्ग परेशान है। उपचुनाव में भाजपा को सबक सिखाने की सीख दी।
शनिवार दोपहर नगर के नुमाइश मैदान में आयोजित महापंचायत में पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी को आना था लेकिन अंतिम समय में स्वास्थ्य कारणों से जयंत की जगह अजित सिंह पहुंचे। छोटे चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग को परेशान कर दिया है। किसान से लेकर मजदूर, युवा, व्यापारी, दलित सब परेशान हैं। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा है और धान के दाम भी जमीन पर आ गए हैं। तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुना करने की बात कही थी, लेकिन क्या ऐसा हो सका? ऐसी झूठी सरकार मैने अपने जीवनकाल में नहीं देखी। मोदी सरकार सभी सरकारी कंपनियों को बेचने में लगी है। नोटबंदी कर आमजन को सड़क पर ला दिया, फिर अचानक जीएसटी भी लागू कर दी। लाकडाउन के निर्णय पर भी सवाल उठाए। कहा कि भाजपा सरकार में कोई भी काम आरएसएस से पूछे बिना नहीं होता है। सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र सिंह यादव ने भी भाजपा पर निशाना साधा। डीएम रविद्र कुमार ने कहा कि खुले स्थान पर कार्यक्रम आयोजन के लिए संख्या निर्धारित नहीं की गई है, लेकिन यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो नोटिस भेजा जाएगा। कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है।
----
सुनियोजित था जयंत पर लाठीचार्ज
अजित सिंह ने कहा कि हाथरस जाते समय जयंत चौधरी पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज सुनियोजित था। प्रदेश सरकार तानाशाही कर जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि पुलिस का काम आमजन की सुरक्षा करना होता है, उनको ठोंकना नहीं। कहा कि इस बार हम बैलेट से योगी को ठोंकने का काम करेंगे। प्रशासन ने कराई वीडियो ग्राफी
प्रशासन ने महापंचायत के आयोजकों से पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर कोरोना काल में गाइडलाइन का पालन करने के लिए कहा था। पंडाल में भीड़ अधिक होने से नियम भी टूट गए। मामले में डीएम रविद्र कुमार का कहना है कि गाइडलाइन के अनुसार खुले स्थान पर कार्यक्रम आयोजन के लिए संख्या निर्धारित नहीं की गई है, लेकिन नियमों का पालन करना जरूरी है। अगर कही नियम टूटे हैं तो नोटिस भेजा जाएगा।