मकान पर गिरी बिजली, दीवारें क्षतिग्रस्त
बरसात के दौरान मकान पर बिजली गिरने से अफरातफरी का माहौल बन गया। घर में रखे इलैक्ट्रानिक सामान फूंक गए और मकान की दीवारों में दरार आ गई।
खुर्जा: बरसात के दौरान मकान पर बिजली गिरने से अफरातफरी का माहौल बन गया। घर में रखे इलैक्ट्रानिक सामान फूंक गए और मकान की दीवारों में दरार आ गई। इससे पीड़ित को भारी नुकसान हुआ है।
थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के रूपबांस पंचगाई गांव निवासी कृष्ण कुमार के मकान पर रविवार देर शाम बरसात के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। इससे दहशत में आए सभी परिजन मकान से बाहर भाग निकले। साथ ही पड़ोसियों में अफरातफरी मच गई। स्थिति सामान्य होने पर कृष्ण कुमार ने मकान में आकर देखा, तो दीवारों में दरार आई पड़ी थी। इसके अलावा फ्रीज, कूलर, पंखा आदि फूंक पड़े थे। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने तहसील प्रशासन को मामले की जानकारी दी। सोमवार सुबह राजस्व टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित के अनुसार उसे करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।