डीएम ने कोविड एल-2 और महिला अस्पताल का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी रविद्र कुमार ने कोविड एल-2 और राजकीय महिला अस्पताल का निरीक्षण किया और कुछ खामियां मिलने पर उनमें सुधार के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
जेएनएन, बुलंदशहर। जिलाधिकारी रविद्र कुमार ने कोविड एल-2 और राजकीय महिला अस्पताल का निरीक्षण किया और कुछ खामियां मिलने पर उनमें सुधार के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। वहीं अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के विषय में भर्ती मरीजों से भी जानकारी जुटाई।
गुरुवार दोपहर को जिलाधिकारी रविद्र कुमार औचक निरीक्षण करने के लिए कोविड एल-2 जटिया अस्पताल में पहुंच गए। जहां सबसे पहले उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। जिसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों से वार्ता की और मिल रहीं सुविधाओं के विषय में जानकारी जुटाई। कोविड एल-2 अस्पताल में उन्हें अधिकांश सबकुछ ठीक मिला। जिस पर डीएम ने संतोष जाहिर किया। जिसके बाद वह जंक्शन मार्ग स्थित राजकीय महिला अस्पताल में पहुंच गए। जहां सबसे पहले उन्होंने अस्पताल में स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर देखा और उपस्थिति कर्मियों से रजिस्टर का मिलान किया। जिसके बाद साफ-सफाई व्यवस्था देखी। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं से वार्ता की और मिलने वाले भोजन के विषय में जानकारी जुटाई। अस्पताल में खाने की गुणवत्ता नहीं मिलने पर डीएम भड़क गए और तत्काल खाने में सुधार के निर्देश स्वास्थ्य कर्मियों को दिए। इसके अलावा अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां, कर्मियों की तैनाती आदि के विषय में भी जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों से मरीजों को सुविधाओं में कोई कमी नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी लवी त्रिपाठी, उर्मिला, पूनम, सीओ सुरेश सिंह, कोतवाली प्रभारी एमके उपाध्याय आदि रहे।