गरीबों को ठंड से बचाने के लिए कंबलों का कराएं वितरण : डीएम
डीएम ने तहसील खुर्जा के गांव अटेरना में ठंड से बचाव के लिए गांव के गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए।
जेएनएन, बुलदंशहर। डीएम ने तहसील खुर्जा के गांव अटेरना में ठंड से बचाव के लिए गांव के गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए।
इस दौरान डीएम रविद्र कुमार ने अधीनस्थों से कहा कि सर्दी से लोगों का बचाव कराएं। तहसील क्षेत्र में गरीब, निराश्रित, असहाय, बुजुर्ग, दिव्यांग, पुरुष और महिलाओं को खोजकर उन्हें ठंड से बचाने के लिए कंबलों का वितरण कराएं। उप जिलाधिकारी खुर्जा लवी त्रिपाठी ने डीएम को बताया कि लोगों को ठंड से बचाने के लिए अलाव की व्यवस्था कराई गई है। कंबलों का वितरण भी कराया जा रहा है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजीव बंसल ने ग्रामीणों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में तहसीलदार, बीडीओ, ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे। ठंड में कंबल पाकर खुश हुए नगर के जरूरतमंद और असहाय लोग
स्याना। बढ़ते हुए ठंड को देखते हुए असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को नगर स्थित नवीन मंडी परिसर में क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र सिंह लोधी ने 500 लोगों को ऊनी कंबल का वितरण किया।
मंगलवार को आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गरीब किसी भी जाती अथवा संप्रदाय के हो भाजपा सरकार हमेशा उनके दुख में सहभागी बनने के लिए प्रयत्नशील रहती है। विधायक ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म कार्य है। जिसके बाद विधायक ने कार्यक्रम में मौजूद 500 जरूरतमंदों को कंबल का वितरण किया। वहीं कड़ाके की ठंड में कंबल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान एसडीएम सुभाष सिंह, सीओ अलका सिंह, तहसीलदार अमित कुमार, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, मुकेश भारद्वाज, सभासद नीरज त्यागी, देवेंद्र प्रधान, नीरज चौधरी, विक्रांत त्यागी व दिव्यांश त्यागी आदि मौजूद रहे।