बंधन तोड़ श्राद्ध पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
श्राद्ध पूर्णिमा पर पुलिस रोक के बाद भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर अपने पूर्वजों को आमंत्रित किया। पुलिस की सख्ती के चलते मुख्य गंगा घाट के अलावा अन्य स्थानों पर स्नान किया गया।
बुलदंशहर, जेएनएन। श्राद्ध पूर्णिमा पर पुलिस रोक के बाद भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर अपने पूर्वजों को आमंत्रित किया। पुलिस की सख्ती के चलते मुख्य गंगा घाट के अलावा अन्य स्थानों पर स्नान किया गया।
मान्यता के अनुसार श्राद्ध पूर्णिमा को गंगा स्नान के साथ पूर्वजों को आमंत्रण दिया जाता है और श्राद्ध खिलाकर 15 दिन बाद अमावस्या पर विदा किया जाता है। इसी के चलते मंगलवार की मध्य रात्रि से ही नगर में हजारों श्रद्धालुओं का आगमन प्रारम्भ हो गया, लेकिन कोरोना काल में शासन के निर्देशानुसार पुलिस ने गंगा की ओर जाने वाले सभी मार्ग पर बैरीकेडिंग लगा सील किया। गंगा स्नान करने को रोका गया और वापस भेजा गया, लेकिन श्रद्धालुओं ने विभिन्न मार्ग से पहुंचकर पुल के नीचे, लाल महादेव, दिनेश और धोबी घाट पर जाकर स्नान किया। दोपहर तक स्नान चलता रहा। कोरोना संकट प्रारम्भ होने के बाद छह बाद माह गंगा तट पर भीड़ एकत्र हुई।