संदिग्ध हालात में हुई महिला की मौत के मामले में मुकदमा
खानपुर थानाक्षेत्र के थाना वार्ड में कई दिन पहले एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। महिला के मायके पक्ष ने पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। खानपुर थानाक्षेत्र के थाना वार्ड में कई दिन पहले एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। महिला के मायके पक्ष ने पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली के मलका गंज निवासी अय्यूब ने बताया कि दिसंबर 2017 में उसने अपनी बेटी सना का निकाह खानपुर के थाना वार्ड निवासी शाहरूख पुत्र फरीद के साथ किया था। आरोप है कि ससुराल वाले निकाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। सना को कुछ दिन के बाद एक बेटी पैदा हुई। इसके बाद बेटा पैदा नहीं करने का ताना देकर और प्रताड़ित किया जाने लगा। इस मामले में सना ने दिल्ली की सब्जी मंडी की महिला अपराध शाखा में शिकायत भी की थी। यहां पर दोनों में समझौता करा दिया था। पिता ने बताया कि 16 सितंबर को उसकी बेटी को करंट लगने की सूचना मिली। वह बेटी के ससुराल में पहुंचे। यहां पर उस समय तक बेटी सना की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि पति ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर उनकी बेटी सना को करंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। खानपुर थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि उस समय मायके पक्ष ने तहरीर नहीं दी थी। अब तहरीर दी है तो मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।