किसानों ने एसडीएम को घेरा, तौल नहीं तो गेहूं उठान नहीं
जेएनएन बुलंदशहर मुख्यमंत्री गेहूं खरीद योजना की नई नीतियों को लेकर किसानों में काफी आक्रोश व्याप्त है। बीबीनगर में क्रय केंद्र पर तौल शुरू न होने पर भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के नेतृत्व में किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जेएनएन, बुलंदशहर :
मुख्यमंत्री गेहूं खरीद योजना की नई नीतियों को लेकर किसानों में काफी आक्रोश व्याप्त है। बीबीनगर में क्रय केंद्र पर तौल शुरू न होने पर भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के नेतृत्व में किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम को चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार की सुबह 10 बजे तक किसानों का गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई तो केंद्रों पर पड़े गेहूं का उठान भी नहीं होने देंगे।
बीबीनगर के क्रय केंद्र पर दो सप्ताह से अपने गेहूं तौल की इंतजार में ट्रैक्टर-ट्राली लेकर खड़े हैं। गुरुवार को तौल शुरू न होने पर भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम सुभाष सिंह ने किसानों को बताया कि वह अपना गेहूं लेकर मंडी स्थित क्रय केंद्रों पर पहुंचे, वहां गेहूं तौल कराई जाएगी। प्रहलाद सिंह ने बताया कि क्रय केंद्र पर किसान 15 से 20 दिनों से खड़े हैं लेकिन सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला। अब शासन द्वारा पोर्टल लाक करने की बात कही जा रही है। ऐसे में किसानों का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम से गेहूं तौल संबंधी वार्ता की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। भाकियू हरपाल गुट ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार की सुबह 10 बजे से क्रय केंद्र पर गेहूं तौल शुरू नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इतना ही नहीं किसानों से खरीदा गया गेहूं का भी उठान नहीं होने देंगे। मौके पर कपिल सिरोही, जयकरण सिंह, बिजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, बिन्नू, डा. इकबाल, नरेश, टीटू, उदयवीर सिंह, विजय, गंगाशरण, गुड्डू और बिल्लू आदि मौजूद रहे।
...
क्रय केंद्रों पर डटे रहे किसान
गेहूं खरीद की नीतियां किसानों के गले नहीं उतर रही है। किसान गेहूं खरीद का पार्टल खुलने की इंतजार में क्रय केंद्रों पर खड़े रहे। हालांकि सातों मंडियों के क्रय केंद्रों पर गेहूं जारी रही।
...
इन्होंने कहा..
शासन के निर्देशों के विपरीत गेहूं तौल कैसे संभव है। किसान मंडी स्थित क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर आएंगे तो खरीद होगी। शुक्रवार को 21 क्रय केंद्रों पर तौल देर शाम तक चली और 22 जून तक समस्त किसानों का गेहूं खरीद लिया जाएगा।
-जेया करीम अहमद
जिला खाद्य विपणन अधिकारी।