75 कुंतल प्लास्टिक जब्त, दस हजार जुर्माना लगा
प्रतिबंधित होने के बाद प्लास्टिक का प्रयोग धड़ल्ले से जारी है। बुधवार की सुबह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पालिका की टीम ने संयुक्त रुप से कार्रवाई कर शिकारपुर अड्डे में 75 कुंतल प्लास्टिक जब्त की।
बुलंदशहर, जेएनएन। प्रतिबंधित होने के बाद प्लास्टिक का प्रयोग धड़ल्ले से जारी है। बुधवार की सुबह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पालिका की टीम ने संयुक्त रुप से कार्रवाई कर शिकारपुर अड्डे में 75 कुंतल प्लास्टिक जब्त की। प्लास्टिक रखने वाले दुकानदार पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
पालिका ईओ निहालचंद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी और पालिका के अधिकारियों की टीम बुधवार सुबह शिकारपुर अड्डे पर पहुंची। टांडा स्टेडियम रोड के सामने हाजी निसार अहमद ने थर्माकोल के गिलास, चम्मच और प्लेट आदि गत्ते के कार्टून में रखे थे। टीम ने गोदाम से प्लास्टिक के प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर सील कर दिया है। प्रतिबंधित प्लास्टिक रखने वाले व्यक्ति पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। उसने जुर्माना जमा भी कर दिया। जब्त की गई प्लास्टिक करीब 75 कुंतल है। ईओ ने बताया कि प्लास्टिक और थर्माकोल पूरी तरह से प्रतिबंधित है। वर्ष 2018 में प्रतिबंध लगाया था। टीमें शहर में चेकिग अभियान चलाएंगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई संतोष कुमार सिंह का कहना है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रयोगशाला सहायक जितेन्द्र कुमार शर्मा, पालिका के सफाई निरीक्षक सुनील कुमार समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।