आर्थिक गणना के लिए रवाना हुए 2700 कर्मचारी
जिले में बुधवार को आर्थिक गणना का शुभारंभ डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया। आर्थिक गणना के कार्य में लगे कर्मचारी घर-घर जाकर गणना कर उद्योगों के संबंध में जानकारी जुटाएंगे।
बुलंदशहर, जेएनएन। जिले में बुधवार को आर्थिक गणना का शुभारंभ डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया। आर्थिक गणना के कार्य में लगे कर्मचारी घर-घर जाकर गणना कर उद्योगों के संबंध में जानकारी जुटाएंगे। डीएम ने सभी गणनाकारों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक गणना कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सातवीं आर्थिक गणना के लिए बड़े स्तर पर अभियान जिले में शुरू किया गया है। बुधवार को जिलाधिकारी रविद्र कुमार ने गणना कर्मियों को गणना के संबंध में निर्देशित किया। साथ ही जन सामान्य से भी अपील करते हुए कहा कि 7वीं आर्थिक गणना में अपना सहयोग दें, जिससे आर्थिक गणना का कार्य समय से पूर्ण कराया जा सके। डीएम ने बताया कि आर्थिक गणना के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आने वाली सभी उद्यमों की स्थिति, कार्य की प्रगति और रोजगार आदि संबंधित सभी आधारभूत आंकड़े भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा निर्देशानुसार संग्रह किए जाने हैं। इनका उपयोग देश व प्रदेश के विकास के लिए नियम निर्धारण में किया जाएगा। जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आने वाली समस्त उद्यमों (लोक प्रशासनों, रक्षा और अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा सेवाओं की गतिविधियों को छोड़कर) के संबंध में आधारभूत आंकडे़ संग्रह किए जाएंगे। आर्थिक गणना के काम में 2700 कर्मियों को लगाया गया है। तीन माह में कर्मचारी गणना कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रमोद कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पीयूष चौधरी, सीएससी के जिला प्रबंधक रविन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।