मुठभेड़ के बाद पकड़ा 20 हजार इनामी बदमाश
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 20 हजार इनामी बदमाश को पकड़ लिया। जिसके पास से पुलिस ने तमंचा और लूटे गए एक जोड़ी सोने के कुंडल भी बरामद किए है।
बुलंदशहर, जेएनएन: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 20 हजार इनामी बदमाश को पकड़ लिया। जिसके पास से पुलिस ने तमंचा और लूटे गए एक जोड़ी सोने के कुंडल भी बरामद किए है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
थाना खुर्जा देहात प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि अधिकारियों के आदेशानुसार वह गुरुवार सुबह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाने से वांछित अपराधी गांव हजरतपुर पूठी जाने वाले मार्ग पर पुलिया के निकट खड़ा है। जिसके बाद अवैध हथियार भी की। जानकारी होने पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी करके अपराधि को पकड़ने की कोशिश की। जिस पर आरोपित ने पुलिस टीम की तरफ फायर कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को उससे एक तमंचा और लूटे गए सोने के कुंडल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम अकबर उर्फ लद्दड गांव रौंहिदा थाना अरनिया बताया। एसओ ने बताया कि अकबर शातिर किस्म का लुटेरा है। यह थाना से कई मामलों में वांछित चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 20 हजार का पुरस्कार भी घोषित किया हुआ था। पकड़े गए आरोपित पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज है। देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है।