गड्ढे में फंसा ट्रक, पांच घंटे तक हाईवे पर जाम
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर रविवार को गड्ढे में ट्रक फंसने से लंबा जाम लग गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस जाम खुलवाकर यायातात सुचारु कराने में सफल हुई।
बिजनौर, जेएनएन। मेरठ-पौड़ी हाईवे पर रविवार को गड्ढे में ट्रक फंसने से लंबा जाम लग गया। घंटों वाहन रेंगते रहे। लगातर बारिश ने राहगीरों की मुश्किल बढ़ा दी है। दोपहर से लेकर शाम तक जाम लगा रहा। गंतव्य तक जाने के लिए लोगों के काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पांच घंटे बाद बमुश्किल जाम खुलने पर यातायात सुचारु हुआ।
रविवार को सुबह से बारिश हो रही है। बिजनौर से लेकर बैराज तक हाईवे बदहाल है। कई जगह गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों ने रविवार को भयंकर जाम लगवा दिया। दोपहर के समय एक ट्रक गड्ढे में फंस गया। इससे मार्ग वन वे हो गया और इस मार्ग पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया। बिजनौर से लेकर बैराज तक जाम लगा रहा। हाईवे बंद होने पर ट्रैफिक और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद ट्रक को हटवाने में सफलता मिली, तब जाकर देर शाम तक यातायात सुचारु हो पाया। भीषण जाम के चलते काफी लोग गंतव्य तक नहीं जा सके। कुछ को लौटना पड़ा।
शहर कोतवाल राधेश्याम ने बताया कि ट्रक फंसने के चलते जाम लग गया था। उसे हटाकर यातायात सुचारु किया गया।
किसान चौपाल में बताईं
सरकार की उपलब्धियां
संवाद सहयोगी, बिजनौर: भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के तत्वावधान में शनिवार को दोपहर ग्राम तीतरवाला में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। किसान चौपाल में मुख्य अतिथि सदर विधायक सुचि चौधरी एवं भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम भैया ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार सबका साथ सबका विकास एवं सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, गन्ने के मूल्य में वृद्धि, पशुपालन, मत्स्य पालन, भेड़-बकरी, मधुमक्खी, रेशम पालन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, निश्शुल्क वैक्सीन, जैविक खाद आदि योजनाओं के माध्यम से लाभ देने का काम कर रही है। इस अवसर पर किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ओमवीर, जिला मंत्री राहुल चौधरी, मंडलाध्यक्ष राजीव राजपूत, पूर्व मंडलाध्यक्ष मनोज, मंडल अध्यक्ष ललित कुमार, पूर्व जिला मंत्री जितेंद्र राजपूत, जिला पंचायत सदस्य मनोज वाल्मीकि, चंद्र शेखर एडवोकेट, संजीव, ब्लाक प्रमुख बिजेंद्र सिंह, राहुल चौधरी एवं बड़ी संख्या में किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।