चप्पे-चप्पे पर रही सुरक्षा, दौड़ते रहे अफसर
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। कई जगह व्यवस्था करने में पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। अफसर इधर से उधर दौड़ते रहे। मुख्यमंत्री जाने वाले रूट पर कुछ दुकानें बंद रहीं। संपर्क मार्गों और छतों पर पुलिस मुस्तैद रही। तीन घंटे तक पुलिस-प्रशासन के होश उड़े रहे।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। कई जगह व्यवस्था करने में पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। अफसर इधर से उधर दौड़ते रहे। मुख्यमंत्री जाने वाले रूट पर कुछ दुकानें बंद रहीं। संपर्क मार्गों और छतों पर पुलिस मुस्तैद रही। तीन घंटे तक पुलिस-प्रशासन के होश उड़े रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुरुवार को बिजनौर, नजीबाबाद और धामपुर में कार्यक्रम था। बिजनौर में जिला अस्पताल में भ्रमण के अलावा प्रभावी मतदाता संवाद को संबोधित करना था। डो-टू-डोर में जनसंपर्क भी करना था। एक साथ आधा दर्जन स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था करनी पड़ी। जिलेभर का फोर्स व्यवस्था में लगा रहा। डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डा. धर्मवीर सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए दौड़ते रहे। बिजनौर में एसपी सिटी डा. प्रवीन रंजन सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, नजीबाबाद की जिम्मेदारी एसपी देहात रामअर्ज को दी गई। नजीबाबाद और चांदपुर सीओ सुरक्षा में लगाए गए। धामपुर में एएसपी पूर्वी ओमवीर सिंह के अलावा सीओ धामपुर अजय अग्रवाल और सीओ अफजलगढ़ को लगाया गया था। वहीं, 15 थानेदार सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए थे। करीब 800 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया। 400 चौकीदार भी जगह-जगह सुरक्षा में लगे थे। डीएम-एसपी बिजनौर कार्यक्रम के बाद सीधे धामपुर पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराया गया।
---------
सीएम के रूट पर रहे पुलिसकर्मी
पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के तौर पर रूट पर कुछ दुकानें बंद कराई। बैंक, अस्पताल और शोरूम खुले रहे। रोड से मिलने वाली गलियों और सड़कों पर पुलिस तैनात रही। काकरान वाटिका के आसपास के मकानों की छतों पर पुलिस तैनात की गई। कुछ जगह बीएसएफ के जवानों को लगाया गया। काकरान वाटिका के रोड पर आवाजाही बंद रही। वाटिका की किलेबंदी की गई।