कनपटी से सटाकर मारी गई थी किसान को गोली
नांगलसोती के ग्राम तिसोतरा के गढ़वाला क्षेत्र में किसान सुरेश सैनी की हत्या 315 बोर के तमंचे से गोली मारकर की गई थी। हमलावर ने किसान की कनपटी पर सटाकर गोली मारी थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हुई।
जेएनएन, बिजनौर। नांगलसोती के ग्राम तिसोतरा के गढ़वाला क्षेत्र में किसान सुरेश सैनी की हत्या 315 बोर के तमंचे से गोली मारकर की गई थी। हमलावर ने किसान की कनपटी पर सटाकर गोली मारी थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हुई।
सोमवार देर रात अज्ञात हमलावर ने सुरेश सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। थानाध्यक्ष संजय पांचाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 315 बोर की गोली से सुरेश सैनी की हत्या होना दर्शाया गया है।
एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम सीओ नजीबाबाद प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में राजफाश के प्रयास में जुटी है। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया था, जब परिवार के लोग अलग-अलग कमरे में सोए हुए थे। सुबह करीब पांच बजे सुरेश का शव बिस्तर पर पड़ा मिला था।
-एक से अधिक थे हमलावर
सुरेश सैनी को मौत के घाट उतारने वाले बदमाशों की संख्या एक से ज्यादा थी। ऐसा कयास लगाया जा रहा है। चर्चा है कि सुरेश सैनी को पहले रजाई में दबाया गया और फिर सटाकर उसकी कनपटी पर गोली मारी गई। इस काम को एक व्यक्ति नहीं कर सकता। इस कारण परिवार के लोगों को घटना का पता नहीं चला।
घायल सिपाही की इलाज के दौरान मौत
बिजनौर: सड़क हादसे में घायल सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वजनों में शोक है।
जिला शामली के गांव सिकरौंदा हाल ही निवासी देवल जिला मुजफ्फरनगर निवासी अजय बालियान पुत्र ओमवीर सिंह शहर कोतवाली क्षेत्र में यूपी-112 गाड़ी पर तैनात था। बीती बीस नवंबर की रात अजय की बाइक को शास्त्री चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रुप से घायल सिपाही अजय का मेरठ में इलाज चल रहा था। बुधवार को उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। आरआई ने बताया कि अंतिम सलामी के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।