जागरण अभियान से जागी स्वच्छता की अलख
स्वच्छता और हरा-भरा वातावरण ही स्वस्थ जीवन का आधार है। यह मंत्र लेकर दैनिक जागरण की टीम जागरण आपके द्वार.. अभियान के अंतर्गत आदर्शनगर वासियों के बीच पहुंची।
बिजनौर, जेएनएन। स्वच्छता और हरा-भरा वातावरण ही स्वस्थ जीवन का आधार है। यह मंत्र लेकर दैनिक जागरण की टीम जागरण आपके द्वार.. अभियान के अंतर्गत आदर्शनगर वासियों के बीच पहुंची। लोगों ने इस मंत्र को माना और स्वीकार किया। साथ ही संकल्प लिया कि स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण बनाने के लिए सजग होंगे। नागरिकों ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने की अपील की।
दैनिक जागरण द्वारा ग्राम पंचायत तातारपुर लालू के सहयोग से गुरुवार को विशेष सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान चलाने के साथ साथ पौधारोपण भी कराया गया। ग्राम प्रधान पति पारेंद्र कुमार, पंचायत सचिव गौसिया अंसारी की देखरेख में चले अभियान में सफाईकर्मियों ने आदर्शनगर से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते के मोड़ पर जमा कूड़े के ढेर को हटाकर चूना छिड़का। आसपास नालों की भी सफाई की। इसके बाद एंटी लार्वा एवं कीटनाशक का छिड़काव किया गया। नमो फाउंडेशन के सदस्य सुशील राजपूत, रविद्र काकरान एवं मनोज कुमार ने पौधारोपण किया। प्रधान पति एवं पंचायत सचिव ने क्षेत्रवासियों से सार्वजनिक जगह पर कूड़ा न फेंकने और पालीथिन का प्रयोग न करने की अपील की। नागरिकों ने दैनिक जागरण के अभियान की सराहना की।
-बोले क्षेत्रवासी
-स्वच्छता और हरे-भरे वातावरण के लिए जन-जन को जागरुक करने के लिए दैनिक जागरण का प्रयास सराहनीय है। -लईक अंसारी
-सार्वजनिक जगह पर कूड़ा फेंकने वालों के सामने हाथ जोड़कर भी उन्हें रोकना पड़े तो रोकेंगे। हमें जागरुक होना होगा। -नैपाल सिंह
-पानी की बर्बादी को रोककर, पौधे रोपित कर, स्वच्छ वातावरण बनाकर ही मानव जीवन को सुरक्षित किया जा सकता है। -महेंद्र सिंह
-सफाईकर्मी अपने काम के प्रति गंभीर हों और जनता सहयोग करे तो क्षेत्र को स्वच्छ और हरा-भरा बनाया जा सकता है। -अनिल शर्मा
-आदर्शनगर नगर से सटा सघन आबादी वाला क्षेत्र है। यहां विकास विभाग के अधिकारियों की सक्रियता ज्यादा नजर आनी चाहिए। -राजेंद्र त्यागी
-दैनिक जागरण केवल खबरों के माध्यम से ही नहीं, लोगों के बीच पहुंचकर जागरूक कर रहा है, यह सराहनीय प्रयास है। -नरेश जुयाल
-----
बोले जिम्मेदार:
-एक स्थाई कूड़ेदान और डंपिग मैदान की आवश्यकता है। स्थान के अभाव में कूड़ा उठाने की नई समस्या खड़ी नजर आती है।
-योगेश कुमार, सफाईकर्मी
-हमारी कोशिश है कि आदर्शनगर की शुरुआत से तेल डिपो तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर पौधारोपण किया जाए। वास्तव में क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। इस कार्य में जनसहयोग की अपेक्षा है।
-पारेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान पति
-रेलवे कालोनी के मोड़ से करीब 50 मीटर तक मुख्य मार्ग की साइड को हरी पट्टी के रूप में विकसित करने, इस स्थान को बुजुर्ग, महिलाओं एवं बच्चों के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में आज ही से काम शुरू किया जाएगा।
-गौसिया अंसारी, पंचायत सचिव
-बोले प्रकृति प्रेमी:
-पौधे शुद्ध हवा और आक्सीजन तो देते ही हैं, भूगर्भीय जलस्तर को बनाए रखते हैं। हमें कुदरत का यह अनमोल तोहफा है।
-सुशील राजपूत
-अपने हाथों से रोंपे गए पौधे से बहुत प्यारा रिश्ता बनता है। एक बार ऐसा करने से निश्चित ही सुखद एहसास होगा।
-रविद्र काकरान