Move to Jagran APP

जीत का आंकड़ा 300 के पार पहुंचाएं : जेपी नड्डा

भाजपा ने पश्चिमी उप्र में विधानसभा चुनाव प्रचार को गति देना शुरू कर दिया है। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिजनौर मुजफ्फरनगर और नगीना लोकसभा क्षेत्रों की 15 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव में सफलता के मंत्र दिए।

By JagranEdited By: Published: Sat, 22 Jan 2022 11:04 PM (IST)Updated: Sat, 22 Jan 2022 11:04 PM (IST)
जीत का आंकड़ा 300 के पार पहुंचाएं : जेपी नड्डा
जीत का आंकड़ा 300 के पार पहुंचाएं : जेपी नड्डा

बिजनौर, जागरण टीम। भाजपा ने पश्चिमी उप्र में विधानसभा चुनाव प्रचार को गति देना शुरू कर दिया है। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिजनौर, मुजफ्फरनगर और नगीना लोकसभा क्षेत्रों की 15 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव में सफलता के मंत्र दिए। साथ ही टिकट पाने से वंचित रहे पार्टीजनों के गिले-शिकवे भी दूर किए। नड्डा ने कहा कि बूथ प्रबंधन मजबूत होगा तो सफलता निश्चित है। प्रत्याशियों से कहा कि इंटरनेट मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों से जुड़ें। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की जीत का आंकड़ा 300 के पार पहुंचाने का संकल्प भी दिलाया।

loksabha election banner

नड्डा खराब मौसम की वजह से दो घंटे विलंब से बिजनौर पहुंचे। उनका हेलीकाप्टर पुलिस लाइन में उतरा और कार द्वारा वह बाईपास स्थित कार्यक्रम स्थल जेवीएस रिजार्ट पहुंचे। यहां पदाधिकारियों और प्रत्याशियों की बैठक ली। टिकट वितरण में नाराजगी पर उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि टिकट की लाइन लंबी होती है, लेकिन मिलता किसी एक को ही है। जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिला, वह बिल्कुल निराश न हों। पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य करें। उन्होंने टिकट वितरण को लेकर उपजी नाराजगी दूर करने का जिम्मा भी विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को सौंपा।

आचार संहिता का करें पालन

नड्डा ने कहा कि चुनाव आचार संहिता और कोरोना महामारी के चलते बड़ी सभाएं नहीं हो पाएंगी, लिहाजा कार्यकर्ता आमजन तक पहुंचने के लिए टोलियों में डोर-टू-डोर संपर्क करें। भीड़ एकत्र न करें। समाज के हर वर्ग तक जाएं और अपनी बात रखें। जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को जरूर याद दिलाएं। भाजयुमो के पदाधिकारी यूथ क्लब और युवाओं में अपनी पैठ बनाएं। महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी महिलाओं के बीच पार्टी की नीतियां पहुंचाएं।

सीधे न मागे वोट, पहले हालचाल जानें : भाजपा अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव में अभी समय है। शुरुआत में जाकर सीधे वोट न मांगें, बल्कि पहले उनका हाल-चाल जानें। उनकी कोई समस्या है तो उसे दूर कराएं। देहात में ग्राम प्रधानों और पंचायत सदस्यों को विश्वास में लेकर काम करें।

पन्ना प्रमुख अहम

नड्डा ने कहा कि बूथ मैनेजमेंट में पन्ना प्रमुखों की अहम भूमिका है। दो-तीन दिन के भीतर पन्ना प्रमुख सभी शक्ति केंद्रों पर बैठक कर चुनावी रणनीति बनाएं। सभी प्रत्याशी इंटरनेट मीडिया के जरिए अपने फालोअर बढ़ाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचानी है। नड्डा ने कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से की। करीब एक घंटे के संबोधन के बाद नड्डा हेलीकाप्टर से अमरोहा के लिए रवाना हो गए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.