चार दिन बाद सूर्यदेव ने दिए दर्शन, ठंड से मिली कुछ राहत
पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण चल रही शीत लहर हाड़ कंपकंपा रही है। पिछले चार दिनों से सर्दी ने छक्के छुड़ा रखे हैं। अलाव के सहारे ही दिन बीत रहा है। चार दिन बाद मंगलवार को हल्की धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
बिजनौर, टीम जागरण। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण चल रही शीत लहर हाड़ कंपकंपा रही है। पिछले चार दिनों से सर्दी ने छक्के छुड़ा रखे हैं। अलाव के सहारे ही दिन बीत रहा है। चार दिन बाद मंगलवार को हल्की धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे सूर्यदेव के दर्शन हुए, लेकिन धूप में गर्माहट कम थी। दोपहर करीब एक बजे धूप तेज हुई तो लोगों को सर्दी से राहत मिली। लोगों ने धूप का आनंद लिया, लेकिन जैसे-जैसे शाम होने लगी वैसे-वैसे सूरज भी बादलों की ओट में छिपने लगा। शाम पांच बजे के बाद फिर सर्दी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। चांदपुर: मंगलवार को भी शीत लहर के साथ कोहरे ने जन जीवन प्रभावित कर दिया। सोमवार दोपहर बाद लगा कि शायद मौसम खुलने के साथ-साथ ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन मंगलवार को भौर से ही चारों ओर कोहरा छाया रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक कोहरे का प्रकोप रहा। दोपहर बाद आसमान में कोहरे की धुंध छा गई। इस बीच दो बजे के आसपास हल्की धूप खिली तो लोगों को राहत मिली, लेकिन कुछ देर ही धूप का असर रहा। उसके बाद सुन्न के साथ-साथ शीतलहर का सिलसिला जारी रहा। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए तो जनजीवन प्रभावित रहा। कहा जाए तो कोहरा और ठंड बढ़ने से सड़कों पर आवाजाही कम रही। कड़कड़ाती ठंड पर बेअसर रही हल्की धूप
कोतवाली देहात : दोपहर के वक्त निकली हल्की धूप भी कड़कड़ाती ठंड पर बेअसर रही। धूप निकलने के बावजूद दिन के तापमान में 02.6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। सुबह शाम की सर्दी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मंगलवार सवेरे ठंडी हवाएं चल रही थी और मौसम सर्द बना हुआ था। लगभग एक बजे तक हल्की धूप निकल आई। शाम पांच बजे तक धूप बनी रही। इसके बावजूद ठंड से निजात नहीं मिल सकी। धूप निकलने के बाद दिन के तापमान में 02.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को दिन का तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 05.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 08.5 डिग्री सेल्सियस था।