बदहाल पड़े हैं गन्ना क्रय केंद्र, किसान परेशान
मंडावली क्षेत्र में पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश ने क्षेत्र के कई गन्ना क्रय केंद्रों की हालत बिगाड़ दी है। कई केंद्रों पर हालात इतने खराब हो गए हैं कि गन्ने का उठान भी नहीं हो पा रहा है। परेशान किसानों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
बिजनौर, जेएनएन। मंडावली क्षेत्र में पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश ने क्षेत्र के कई गन्ना क्रय केंद्रों की हालत बिगाड़ दी है। कई केंद्रों पर हालात इतने खराब हो गए हैं कि गन्ने का उठान भी नहीं हो पा रहा है। परेशान किसानों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
मंडावली स्थित किसान सहकारी चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र के प्लाट में जलभराव व कीचड़ होने से किसान परेशान हैं। किसानों ने कई बार किसान सहकारी चीनी मिल के अधिकारियों से जलभराव और कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की, लेकिन सुधार के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। किसानों का कहना है कि गन्ना क्रय केंद्र पर जमीन दलदली होने के कारण और पानी भरने से गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों द्वारा डाले गए गन्ने का उठान नहीं हो पा रहा है। गन्ना वाहन खासकर भैंसा-बुग्गी फंसने से परेशानी हो रही है। किसान सुनील कुमार व मनोज कुमार आदि कहना है कि गन्ना क्रय केंद्रों की हालत में सुधार नहीं होने, मौसम भी बार-बार बिगड़ने से किसानों को मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है। इसके अलावा संपर्क मार्ग भी बदहाल होने से किसान परेशान हैं। किसानों हरि सिंह, रविद्र सिंह, पंकज कुमार, महिपाल सिंह, शानू, शमशाद अहमद, बुंदू ने कहा कि सरकार ने किसानों से वादे किए थे कि चीनी मिलों में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ना ढुलान से जुड़े संपर्क मार्ग सुधारे जाएंगे, लेकिन कई मार्ग आज भी बदहाल हैं। जिनसे गन्ने से भरे वाहनों को गुजारना मुश्किल हो गया है। किसानों ने समस्या के समाधान की मांग की है।