दिन में छाया अंधेरा, तेज हवा के साथ हुई बारिश
बार-बार मौसम रंग बदल रहा है। बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए और कई स्थानों पर बारिश हुई। दिन में धूप निकली फिर दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव हो गया। आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर बाद तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। मुख्यालय पर हल्की बारिश हुई लेकिन चांदपुर समेत कई स्थानों पर बादलों के साथ अच्छी बारिश हुई।
बिजनौर, जेएनएन। बार-बार मौसम रंग बदल रहा है। बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए और कई स्थानों पर बारिश हुई। दिन में धूप निकली, फिर दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव हो गया। आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर बाद तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। मुख्यालय पर हल्की बारिश हुई, लेकिन चांदपुर समेत कई स्थानों पर बादलों के साथ अच्छी बारिश हुई।
बारिश से जनपद के अधिकतम तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि लगातार मौसम में परिवर्तन से मौसमी बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। तेज हवा व बारिश से आम की फसल को नुकसान पहुंचा। इससे आम उत्पादकों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है। जनपद का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
संवाद सहयोगी, चांदपुर : बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर बाद ही चारों ओर अंधेरी छा गई। दिन के समय वाहन चालक लाइट जला कर गुजरने लगे। कुछ देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई।
संवाद सूत्र, नांगलसोती: क्षेत्र के किसानों को बारिश से सिचाई में राहत मिली है। किसान अपने खेतों में सिचाई कर-कर के परेशान थे। किसानों ने बारिश होने से राहत की सांस ली। बारिश से गन्ना, चारा व पलेज की फसल की खेती करने बाले किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। उधर बढ़ापुर क्षेत्र में बुधवार की सुबह सबेरे अचानक मौसम ने करवट बदली, बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश हुई। जिससे मौसम में कुछ ठंडक पहुंची।
संवाद सूत्र, रतनगढ़ : तेज आंधी व बारिश से आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इससे आम उत्पादकों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है। आंधी से आम की लगभग दस प्रतिशत फसल खराब होने का अनुमान है। आम की फसल में अभी जाली भी नहीं पड़ी है। ऐसे में आंधी आ जाने से आम के काफी फल पेड़ों से टूटकर गिर गए। गांव रामोरूपपुर निवासी बाग मालिक सुखलाल सिंह ने बताया कि तेज आंधी के कारण आम की फसल में नुकसान हुआ है।
संवाद सूत्र, जलीलपुर : बादलों की तेज गड़गड़ाहट व बिजली की चमक के साथ झमाझम बारिश के साथ मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा के साथ हुई बारिश से जहां फसलों के लिए बारिश लाभप्रद हुई वही चारा बुवाई के लिए भी मुफीद हैं।