गन्ना डालने के लिए नहीं करना होगा घंटों इंतजार
धामपुर शुगर मिल नए पेराई सत्र की तैयारियों में जुट गया है। नवंबर के प्रथम सप्ताह में पेराई सत्र-2019-20 शुरू हो सकता है।
बिजनौर, जेएनएन : शुगर मिल नए पेराई सत्र की तैयारियों में जुट गया है। नवंबर के प्रथम सप्ताह में पेराई सत्र-2019-20 शुरू हो सकता है। इस बार यह सत्र किसानों के लिए बड़ी राहत लाने जा रहा है। इस बार किसानों को अपना गन्ना शुगर मिल में डालने के लिए कई घंटों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस बार नई प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिसके तहत गन्ना पर्ची पर तिथि के साथ ही समय भी अंकित किया जाएगा।
शुगर मिल धामपुर ने इस वर्ष के पेराई सत्र की तैयारियां शुरु कर दी हैं। सभी अधिकारी व कर्मचारी तैयारियों में जुटे हैं। सत्र के दौरान किसानों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। कारखाना उपाध्यक्ष एमआर खान के मुताबिक इस बार मिल किसानों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है। अभी तक गन्ना पर्ची पर केवल मिल में गन्ना डालने के लिए तिथि अंकित होती थी, उस तिथि के 72 घंटों के भीतर किसानों को अपना गन्ना डालना होता था। ऐसे में किसान उस दिन पहुंच तो जाते थे लेकिन उन्हें कई-कई घंटे तक इंतजार करना पड़ता था। एमआर खान ने बताया कि अब नई व्यवस्था के मुताबिक गन्ना पर्ची पर समय भी अंकित होगा, जिससे किसान पर्ची की तिथि के साथ अंकित तय समय पर मिल में पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे किसान अपने तय समय पर पहुंच कर थोड़ी देर बाद ही गन्ना डाल सकते हैं। इससे उनका समय भी बचेगा और उन्हें मिल परिसर में घंटो का इंतजार करने में परेशानियों का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। साथ ही पिछले वर्ष 206 गन्ना सेंटर थे, इनकी संख्या भी बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा किसानों के लिए अन्य सुविधाओं का भी ख्याल रखा जाएगा। दूसरी ओर मिल के गन्ना विभाग से जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारी भी तैयारियों में जुटे हैं।