दहेज उत्पीड़न के मामले में मुकदमा दर्ज
जेएनएन बिजनौर। ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न करने का मामला प्रकाश मे
जेएनएन, बिजनौर। ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। पुलिस ने मामले में एसपी के आदेश पर जेठ व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओें में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चांदपुर कोतवाली के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह नूरपुर के गांव निवासी राशिद हुसैन के साथ हुआ। आरोप है कि शादी के बाद उसके पति और ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये नकद और प्लाट की मांग का लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी उसे अबोध पुत्री के साथ मारपीट कर कई बार घर से निकाला गया। हर बार पंचायत के माध्यम से उसे घर लाया जाता और प्रताड़ित किया गया। गत 21 अक्टूबर 2020 को उसका पति कहीं बाहर गया था। वह अपने कमरे में सो रही थी। आरोप है कि रात्रि करीब 11 बजे उसका जेठ नासिर कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में जब उसने पति व अन्य ससुरालियों को बताया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं करने पर उसने एसपी से गुहार लगाई। पुलिस ने मामले में ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बेवफाई पर युवक ने लगाई फांसी
जेएनएन, बिजनौर। प्रेमिका से बेवफाई मिलने पर एक युवक ने खुद को फांसी लगाकर जान दे दी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव मिर्जापुर ढीकली निवासी करीब 22 वर्षीय छोटू पुत्र रामसिंह हरिद्वार जनपद के ज्वालापुर में अपने माता-पिता के साथ रहकर लाइट मिस्त्री का काम करता था। बताया जाता है कि वहां की रहने वाली एक युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन 16 फरवरी की सुबह दस बजे उसकी प्रेमिका किसी और के साथ सात फेरे लेकर विदा हो गई। इस बात का उसे पता चला तो उसने अपने कमरे में लगे छत के पंखे से फांसी पर लटककर जान दे दी। घटना के वक्त उसके माता-पिता फैक्ट्री में ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी से वापस लौटे तो पुत्र का शव पंखे पर लटका हुआ मिला। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर शाम माता-पिता अपने पुत्र का शव लेकर गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।