गर्मी और उमस ने उड़ाए छक्के, निकलना हुआ मुश्किल
बिजनौर में गर्मी और उमस का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा
गर्मी और उमस ने उड़ाए छक्के, निकलना हुआ मुश्किल
बिजनौर, टीम जागरण। बिजनौर में गर्मी और उमस का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। हल्के बादल छाने से उमस का प्रकोप और बढ़ जाता है। गर्मी से आमजन का बुरा हाल है। मई माह का आखिरी सप्ताह चल रहा है और गर्मी अपना सितम ढहा रही है। कहा जाए तो इन दिनों गर्मी पूरे शबाब पर है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी गर्मी न अपना प्रचंड रूप दिखाया।
शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी के साथ-साथ उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन के समय मानो ऐसा लगा रहा था कि धूप से त्वचा झुलस रही हो। घरों में उमस और गर्मी के बीच लोगों का हाल बेहाल रहा। तपती धूप व गर्म हवा के चलते सड़कें दोपहर में सुनी नजर आ रही हैं तो बाजार में चहल पहल कम दिख रही है। दुपहिया वाहन सवार महिलाएं ही नहीं पुरुष भी चेहरे व शरीर ढककर निकलने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि, शुक्रवार देर शाम हवा चलने और आसमान में बादल छा जाने से मौसम में बदलाव की उम्मीद जगी थी, लेकिन मौसम में गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ। पिछले दिनों बंदा-बांदी व आंधी आने से एक दो दिन तक गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन फिर से गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। गर्मी के बीच युवा वर्ग ट्यूबवेल व स्वीमिंग पूल आदि में नहाते नजर आए। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार अभी गर्मी और उमस का प्रकोप बना रहेगा।