Guldar Attacks: बिजनौर में नहीं रुक रहे गुलदार के हमले, मां-बेटे के बाद अब तीन मजदूरों को बनाया निशाना
Guldar attacks in Bijnor बिजनौर में शुक्रवार रात बाइक सवार तीन मजदूरों पर गुलदार ने हमला कर दिया। तीन दिन पहले गुलदार ने बाइक सवार मां बेटे पर भी किया था हमला। गुलदार के हमले से ग्रामीणों में दहशत है।
बिजनौर, जेएनएन। क्षेत्र में गुलदार द्वारा किए जा रहे हमलों में कोई कमी नहीं आ रही है। वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाने के बाद भी गुलदार को नहीं पकड़ा जा सका है। शुक्रवार रात गांव हसनपुर निवासी तीन मजदूरों पर गुलदार ने हमला कर दिया जिसमें दो के पैरों में पंजे लगने से वह घायल हो गए। 3 दिन पूर्व भी पास के गांव इमरतपुर में बाइक सवार मां बेटे पर हमला किया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
यह है मामला
रेहड़ के गांव हसनपुर निवासी विकास कुमार (21) पुत्र अजयपाल, बंटी कुमार (23) पुत्र धर्मवीर सिंह एवं अंकेश कुमार (20) पुत्र जयप्रकाश सिंह अफजलगढ़ स्थित एक धान क्रय केंद्र पर पल्लेदारी का काम करते हैं। शुक्रवार रात तीनों काम करके एक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह भटपुरा सादकपुर गांव मार्ग पर पहुंचे तभी गन्ने के खेत से निकले गुलदार अचानक हमला कर दिया। बाइक पर पीछे बैठे दो मजदूरों के पैरों पर गुलदार ने हमला किया जिससे पंजे लगने से वह घायल हो गए। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया वहीं पीछे से आ रही 2-3 बाइक सवार लोगों ने भी शोर मचाया जिन्हें देखकर गुलदार भाग गया। ग्रामीणों ने गांव में जाकर घटना की सूचना दी, इस घटना से गांव में दहशत व्याप्त है। 3 दिन पूर्व भी इसी गांव से करीब 500 मीटर दूर इमरत पुर गांव में बाइक सवार मां बेटे पर हमला कर दिया था। जिसमें मां मालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया था लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण आने जाने में भी डर रहे हैं। वन विभाग से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है।