किसान विरोधी साबित हो रही सरकार : लल्लू
जेएनएन बिजनौर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों
जेएनएन, बिजनौर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों का जमकर उत्पीड़न हो रहा है। कृषि कानून के विरोध को लेकर जो व्यवहार किसानों के साथ हुआ है, वह किसी से छिपा नहीं है। कृषि कानून पूरी तरह किसान विरोधी है, बावजूद इसके सरकार हठधर्मिता कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था भी बिगड़ चुकी है।
यह बात अजय कुमार लल्लू ने नगर में आयोजित संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं। बास्टा रोड पर मुगल गार्डन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर तंज कसा। कहा कि सरकार का घमंड अब नहीं चलने वाला। कृषि कानून को लेकर किसान आंदोलनरत हैं और कांग्रेस उनके साथ है। किसानों के साथ हाल ही में जो हुआ, वह सरकार की नाकामी को साबित करती है। किसानों के साथ-साथ जनता भी सरकार को इसका जवाब अवश्य देगी। कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जबकि, सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करती है। उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों के खिलाफ सरकार द्वारा मुकदमे दर्ज करा दिए जाते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। कहा कि सपा और बसपा भी अब आम आदमी की लड़ाई की बात नहीं करती है। प्रदेश सचिव विदित चौधरी व जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मुन्ना लाल प्रेमी, ओमवती, नजाकत अल्वी, गौरव शर्मा, रजा अस्करी रिजवी, अफजल कुरैशी आदि शामिल रहे। सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली गई।