खोखे में लगी आग, दो लाख का नुकसान
चांदपुर में स्याऊ तिराहे के पास बीआरसी कार्यालय के बाहर रखे खोखे में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। आग से खोखे में रखा फ्रिज व अन्य सामान जल गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
बिजनौर, जेएनएन। चांदपुर में स्याऊ तिराहे के पास बीआरसी कार्यालय के बाहर रखे खोखे में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। आग से खोखे में रखा फ्रिज व अन्य सामान जल गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
गांव स्याऊ निवासी फखरु पुत्र छम्मन खां का बीआरसी कार्यालय के बाहर खोखा है। खोखे में फ्रिज के अलावा, चिप्स, नमकीन, सिगरेट समेत अन्य सामान रखा रहता है। रोजाना की तरह गुरुवार रात करीब 11 बजे फखरु खोखे पर ताला लगाकर घर चला गया था। रात्रि करीब दो बजे के आसपास खोखे में अचानक आग लग गई। सूचना पर वह वहां पहुंचा तो खोखे में रखा सभी सामान जल चुका था। पीड़ित का आरोप है कि खोखे में किसी ने आग लगाई है। जिससे उसे दो लाख रुपयों का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
चाकू और तमंचे के साथ दो दबोचे
मंडावली पुलिस ने गुरुवार रात गश्त के दौरान दो युवकों को चाकू और तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों युवकों का चालान कर न्यायालय में पेश किया। गुरुवार रात मंडावली थाना प्रभारी हिमांशु चौहान पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। गश्त के दौरान पुलिस ने हिमांशु पुत्र सुधीर निवासी ग्राम खालापार थाना नजीबाबाद को 315 बोर के एक तमंचे व दो कारतूस के साथ दबोचा। वहीं, पुलिस ने अमन कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी खालापार, थाना नजीबाबाद को एक चाकू के साथ पकड़ा। पुलिस ने युवकों के पास से मिली बाइक को कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपित युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।