किसानों ने धान क्रय केंद्र प्रभारी को बनाया बंधक
गांव तुरतपुर में धान क्रय केंद्र के प्रभारी को किसानों ने बंधक बना लिया। किसानों ने उस पर तौल में धांधली करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह इसकी कई बार अफसरों से शिकायत कर चुके हैं। एसडीएम ने भी केंद्र का निरीक्षण किया था लेकिन समस्याओं का समाधान होता नहीं दिख रहा है।
जेएनएन, बिजनौर। गांव तुरतपुर में धान क्रय केंद्र के प्रभारी को किसानों ने बंधक बना लिया। किसानों ने उस पर तौल में धांधली करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह इसकी कई बार अफसरों से शिकायत कर चुके हैं। एसडीएम ने भी केंद्र का निरीक्षण किया था, लेकिन समस्याओं का समाधान होता नहीं दिख रहा है।
गांव तुरतपुर में धान क्रय केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र पर पिछले कई दिनों से किसानों को तमाम समस्याएं आ रही हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। इसके चलते मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसान क्रय केन्द्र पर एकत्र हुए तथा उन्होंने केंद्र प्रभारी विनोद कुमार को बंधक बना लिया।
भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी ने बताया कि गांव तुरतपुर में धान क्रय केंद्र के प्रभारी विनोद कुमार की किसान लगातार शिकायत कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर तौल नहीं की जा रही है तथा जानबूझकर प्रभारी बारदाने में भी गड़बड़ी कर रहा है। उनका कहना है इस संबंध में एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने भी निरीक्षण किया था तथा किसानों को समस्याओं का समाधान किए जाने का आश्वासन दिया था। कितु किसानों की समस्याओं का समाधान नही हो रहा है। आरोप है कि अभिलेखों में केंद्र पर तौल कम दिखाई गई है, जबकि मिल में पूरी तौल की जा रही है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है। साथ समाधान न होने तक मौके पर डटे रहने की बात कही। इस अवसर पर मुख्तियार सिंह, सतेंद्र फौजी, मदन राणा, बिजेन्द्र चौधरी, इंदरजीत सिंह, जयसिंह, पेपेन्द्र सिंह, रामकरण सिंह, मोनू, हरीश नयाल, बृजमोहन आदि मौजूद रहे। वहीं इस संबंध में एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि खाद्य विपणन अधिकारी व एसएमआई को अवगत करा दिया गया है। इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगा।