लापता ई-रिक्शा चालक की हत्या
दीपावली के दिन रहस्यमय ढंग से लापता सकतलपुर मिलक निवासी ई-रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका शव किरतपुर थाना क्षेत्र में तालाब में मिला। जांच में सामने आया कि उसकी अपहरण के बाद हत्या की गई है।
जेएनएन, बिजनौर। दीपावली के दिन रहस्यमय ढंग से लापता सकतलपुर मिलक निवासी ई-रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका शव किरतपुर थाना क्षेत्र में तालाब में मिला। जांच में सामने आया कि उसकी अपहरण के बाद हत्या की गई है।
बास्टा क्षेत्र के गांव सकतलपुर मिलक निवासी 48 वर्षीय दीवान सिंह पुत्र लल्लू सिंह ई-रिक्शा चलाता था। 14 नवंबर को दीपावली के दिन वह ई- रिक्शा लेकर घर से निकला, लेकिन नहीं लौटा। स्वजन ने चांदपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस की जांच शुरू की तो अमजद पुत्र ताहिर और सुहैल पुत्र शराफत निवासी रसूलपुर नंगला के नाम सामने आए। दीपावली के दिन दोनों को दीवान के साथ ई-रिक्शा में घूमते देखा गया था। सीसीटीवी कैमरे में भी वह कैद हो गए थे। शक के आधार पर पुलिस ने सुहैल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने जुर्म कबूल लिया। पुलिस के अनुसार दोनों उसे ई रिक्शा के साथ अपहरण कर किरतपुर क्षेत्र में ले गए और उसकी हत्या कर तालाब में फेंक दिया। दोनों उसकी ई रिक्शा भी लूट कर ले गए। पुलिस ने बुधवार रात उसकी निशानदेही पर किरतपुर क्षेत्र के तालाब से शव बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस ने बुधवार को ही मृतक के पुत्र सुनील की तहरीर पर अमजद और सुहैल के खिलाफ अपहरण के बाद हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया था। सीओ गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि सुहैल को हिरासत में लिया गया है। अमजद अभी फरार है। सुहैल से पूछताछ की जा रही है। अमजद की ससुराल किरतपुर क्षेत्र में है। वह उसे किरतपुर क्षेत्र में ले गया। वहां उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। स्वजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।