ईओ के खिलाफ सफाई कर्मियों का हंगामा, प्रदर्शन
नूरपुर पालिका के सफाई कर्मचारी से हुई मारपीट के मामले हड़ताल पर गए कर्मचारियों को ईओ द्वारा दो दिन का वेतन काटे जाने की चेतावनी से उनका गुस्सा भड़क उठा। नाराज सफाई कर्मचारियों ने पालिका परिसर में हंगामा किया। वहीं सफाई कर्मचारी के पदाधिकारी भी पालिका पहुंचे और ईओ से वार्ता की जिसके बाद मामला शांत हुआ।
बिजनौर, टीम जागरण। नूरपुर पालिका के सफाई कर्मचारी से हुई मारपीट के मामले हड़ताल पर गए कर्मचारियों को ईओ द्वारा दो दिन का वेतन काटे जाने की चेतावनी से उनका गुस्सा भड़क उठा। नाराज सफाई कर्मचारियों ने पालिका परिसर में हंगामा किया। वहीं, सफाई कर्मचारी के पदाधिकारी भी पालिका पहुंचे और ईओ से वार्ता की, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
तीन दिन पूर्व सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट करने और उसकी बाइक चोरी होने के बाद नाराज पालिका के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। दो दिनों तक हड़ताल पर रहते हुए उन्होंने विरोध करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में बुधवार को मारपीट के आरोपितों की गिरफ्तारी व बाइक बरामदगी के बाद सफाई कर्मचारी काम पर लौट आए थे। इस बीच अधिशासी अधिकारी अजित कुमार ने हड़ताल के दौरान दो दिन कार्य बहिष्कार करने पर कर्मचारियों का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस देने की चेतावनी दी। जिसके बाद कर्मचारियों में रोष फैल गया। बुधवार को उन्होंने ईओ पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर सफाई कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष राजाराम मदान भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद सभासद राजेन्द्र चौधरी, लोकदल नेता अजयवीर चौधरी और थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र वर्मा के समक्ष हुई ईओ से वार्ता हुई। जिसमें कोई कार्रवाई न किए जाने पर सहमति बनी और मामला शांत हो गया।
----
आरोपितों का चालान हुआ
तीन दिन पूर्व सफाई कर्मचारी मानवेन्द्र के साथ मोहल्ला रामनगर निवासी बिजेन्द्र, जोगेंद्र और कल्लू द्वारा मारपीट की गई थी। इस दौरान सफाई कर्मचारी रवि की बाइक भी चोरी हो गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उनसे बाइक भी बरामद कर ली गई। जिसके बाद उनका चालान कर दिया गया।