मंदिरों और गुरुद्वारों में मनाया गया संक्रांति पर्व
नजीबाबाद में मकर संक्रांति पर्व पर मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ ही खिचड़ी एवं हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं गुरुद्वारों में भी माघ महीने की संगरांद को परंपरागत ढंग से मनाया गया।
बिजनौर, टीम जागरण। नजीबाबाद में मकर संक्रांति पर्व पर मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ ही खिचड़ी एवं हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, गुरुद्वारों में भी माघ महीने की संगरांद को परंपरागत ढंग से मनाया गया।
शुक्रवार को मकर संक्रांति पर्व पर नगर के संतोषी माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, गीता भवन मंदिर, रेलवे स्टेशन शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों पर श्रद्धालु माथा टेकने और पूजा-अर्चना करने पहुंचे। वहीं, रेलवे स्टेशन स्थित मंदिर, संतोषी माता मंदिर समेत कई जगहों पर लोगों ने खिचड़ी का प्रसाद बांटा। चौक बाजार से आचार्य आरएन केला इंटर कालेज मार्ग पर श्री योग वेदांत सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को हलवा प्रसाद बांटा। जिसमें ब्रजगोपाल मित्तल, शोभा, नीरज वर्मा, प्रीति वर्मा, मीरा मित्तल, राजरानी, पवन, दीपा, ममता, शशि, सरोज, वासु, पूनम, मधु, रीमा त्यागी, आभा, राजेश आदि का सहयोग रहा।
वहीं, माघ महीने की संगरांद के अवसर पर गुरुद्वारा नानकशाही श्री गुरु सिंह सभा नजीबाबाद में शुक्रवार शाम श्री सुखमनी साहिब के पाठ किए गए। हुजूरी रागी भाई नवदीप सिंह ने बारह माह के पाठ के अंतर्गत माघ महीने का शबद और गुरुबाणी गायन किया। मुख्य ग्रंथी ज्ञानी उपकार सिंह ने वर्ष के बारह महीनों में माघ महीने का विशेष महत्व बताया। विशेष दीवान की समाप्ति पर लंगर वरताया गया। वहीं, सुभाष नगर गुरुद्वारे में भी संगरांद पर सुखमनी साहिब के पाठ किए गए। मकर संक्रांति पर खिचड़ी का वितरण
नगीना: मकर संक्रांति का पर्व नगर में परंपरा अनुसार श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सामाजिक, राजनीतिक संस्थाओं की ओर से खिचड़ी का वितरण किया गया।
मकर संक्रांति पर्व पर हिदू युवा वाहिनी की ओर से जरूरतमंद लोगों को कच्ची खिचड़ी का वितरण किया गया। नगर अध्यक्ष नवदीप शर्मा ने मकर संक्रांति के पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला। उधर, दूसरी ओर मोहल्ला लाल सराय में रोहित रवि द्वारा भी गरीबों को खिचड़ी का वितरण किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक सतीश गौतम, अमीचंद रवि, अविनाश सिंह, अमन सिंह, सोनू कुमार, निर्मल कुमार मौजूद रहे। मकर संक्रांति पर भंडारा
हल्दौर: गांव पैजनिया में हनुमान मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौजन्य से मकर संक्रांति के पर्व पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में महिलाओं और बच्चों ने भी प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ कमाया। इस अवसर पर संगठन के विभाग कार्यवाहक मूलचंद ने कहा कि हिदू समाज को आपसी भेदभाव त्याग कर एकजुट रहना चाहिए। एकता में ही बल है। भंडारे में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र उर्फ बेबी, सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे।