देवी भक्तों ने कन्याओं को दी तुलसी के पौधों की भेंट
बिजनौर जेएनएन। शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर देवी भक्तों ने घरों पर देवी स्वरूपा कन्याओं क
बिजनौर, जेएनएन। शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर देवी भक्तों ने घरों पर देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। कोविड-19 महामारी के दौर में जहां कन्या पूजन को लेकर कहीं-कहीं असमंजस की स्थिति बनी थी, वहीं कई जगहों पर कन्या पूजन को श्रद्धालुओं ने यादगार बना दिया। आदर्शनगर में कन्या पूजन उपरांत कन्याओं को तुलसी के पौधे भेंट किए गए।
कोरोना संक्रमण ने देश-दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। इस सीधा असर पर्वों पर पड़ता हुआ भी दिख रहा है। प्रतिवर्ष परंपरागत ढंग से होने वाली रामलीला का मंचन इस बार नहीं हो सका है। इसी तरह कन्या पूजन को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी थी। देवी भक्तों में इस बात को लेकर आशंका थी कि कन्या पूजन की रीति-रिवाज को निभाने के लिए अभिभावक कन्याओं को अनुमति देंगे भी या नहीं। आखिरकार नवरात्र अष्टमी की सुबह इन सभी आशंकाओं पर विराम लग गया। शारीरिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करते हुए कन्या पूजन किया गया। इसी तरह प्रसाद के साथ कन्याओं को दी जाने वाली भेंट को लेकर भी इस बार देवी भक्त खासे उत्साहित दिखे। आदर्शनगर में गृहिणी ज्योति रानी ने कन्या पूजन में शामिल हुईं कुछ कन्याओं को तुलसी के पौधे और हस्तनिर्मित मास्क भेंट किए। इसके अलावा भी कहीं-कहीं कन्याओं को मास्क व सैनिटाइजर दिया गया। नवरात्र अष्टमी पर्व पर सुभाष नगर में ठेकेदार ओमप्रकाश राजपूत के आवास पर माता की चौकी का आयोजन किया गया। श्रद्धालु महिलाओं ने माता की भेंटों का गायन किया। गृहिणी मिथलेश गुप्ता, रीता तोमर, नीति शर्मा ने बताया कि उन्होंने माता के विभिन्न स्वरूपों का स्मरण करते हुए सभी लोगों के जीवन में सुख-शांति की कामना और कोरोना वायरस से मुक्ति की प्रार्थना की।