लगातार आठ दिन तक बंद रहेंगे सरकारी बैंक
होली कहीं रंगहीन न हो जाए इसके लिए पहले से ही तैयारी करनी होगी। इसका प्रमुख कारण होली के मौके पर लगातार आठ दिन बैंकों का बंद रहना है।
बिजनौर, जेएनएन। होली पर्व आने में दो सप्ताह से भी कम समय रह गया है। त्योहार के मौके पर लोग खरीददारी में जुटें हैं। इसका प्रमुख कारण होली के मौके पर लगातार आठ दिन बैंकों का बंद रहना है। जिसमें तीन दिन की बैंक कर्मियों की हड़ताल भी शामिल है।
बैंक संबंधी जितने भी काम है, उन्हें समय से ही निपटा लें। कहीं ऐसा न हो कि होली के दौरान लगातार आठ दिन तक बैंक बंद रहने के कारण पैसों की कमी हो जाए। होली नौ मार्च की है। इससे पहले आठ मार्च को रविवार, नौ मार्च को होली, 10 मार्च को दुल्हेंडी है। इसके बाद 11 से 13 मार्च तक बैंककर्मियों की हड़ताल रहेगी। इतना ही नहीं 14 मार्च को द्वितीय शनिवार और 15 मार्च को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इस प्रकार लगातार आठ दिन बैंक बंद रहेंगे। बैंक कर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल यदि टलती है तो कुछ बैंक ग्राहकों को कुछ राहत मिल सकती है। पंजाब नेशनल बैंक के आफिसर जोगेंद्र ग्रोवर बताते हैं कि अभी तक बैंककर्मियों की हड़ताल टलने के कोई संकेत दिखाई नहीं दे रहे हैं। न ही इस संबंध में बैंक के आला अधिकारियों के ही कोई निर्देश ही प्राप्त हुए है। हड़ताल रही तो लगातार आठ दिन बैंक बंद रहेंगे। जिसे बैंक और ग्राहक दोनों का नुकसान होगा।
स्टेट बैंक स्टाफ यूनियन के जिला सचिव अनिल विश्नोई बताते हैं कि बैंककर्मियों की 11 से 13 मार्च तक हड़ताल प्रस्तावित है। 29 फरवरी को यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मुंबई में बैठक है। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अगली रणनीति तैयार की जाएगी।