अधिवक्ता-कर्मचारी विवाद का पटाक्षेप
बिजनौर जेएनएन। एक अधिवक्ता और न्यायिक कर्मचारी के बीच हुए विवाद में करीब दो घंटे तक कार्य प्रभावित रहा। जिला जज ने दोनों पक्षों में वार्ता के बाद मामले का निस्तारण कर दिया। अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने वार्ता के बाद काम पर लौटने का निर्णय लिया।
अधिवक्ता-कर्मचारी विवाद का पटाक्षेप
बिजनौर, जेएनएन। एक अधिवक्ता और न्यायिक कर्मचारी के बीच हुए विवाद में करीब दो घंटे तक कार्य प्रभावित रहा। जिला जज ने दोनों पक्षों में वार्ता के बाद मामले का निस्तारण कर दिया। अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने वार्ता के बाद काम पर लौटने का निर्णय लिया।
सोमवार को एक पत्रावली को लेकर अधिवक्ता अमित राठी और जजी कर्मचारी अखिलेश कुमार के बीच विवाद हो गया। जिस पर जजी कर्मचारियों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर कार्य न करने का निर्णय लिया। वहीं जिला बार एसोसिएशन बिजनौर ने भी विरोध प्रकट करते हुए न्यायिक कार्य नहीं करने का निर्णय लिया।
जिला बार ने उक्त प्रकरण को लेकर 11 अधिवक्ताओं की एक कमेटी का गठन कर दिया। जिला जज जयश्री आहुजा ने दोनों पक्षों को वार्ता के लिए अपने चैंबर में बुलाया। जिला जज और एडीजे प्रथम संजीव पांडे की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव कुमार बबली तथा महासचिव नवदीप कुमार सिंह ने बताया कि जिला जज ने भविष्य में इस प्रकार का विवाद न हो इसके लिए एडीजे प्रथम के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन कर दिया है। जिला जज ने अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से कोई विवाद होने या समस्या आने पर उनसे मिलने या अपने संगठन को जानकारी देने को कहा ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवाद का समय रहते हल निकल सके। इस दौरान करीब दो घंटे तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। न्यायिक कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष सुधीर विश्नोई और बार अध्यक्ष संजीव कुमार बबली व महासचिव नवदीप कुमार सिंह ने उक्त प्रकरण में समझौता होने के बाद काम शुरू करने की जानकारी दी।