विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बिजनौर जेएनएन। गांव निवासी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके
बिजनौर, जेएनएन। गांव निवासी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद विवाहिता के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए तथा उन्होंने उसकी ससुराल वालों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतका के भाई ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद से सभी आरोपित मौके से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी को दबिश देने में लगी है।
क्षेत्र के गांव मुबारकपुरगढ़ी निवासी 22 वर्षीय सोनिका पत्नी अर्जुन का शव रविवार को फांसी पर लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस व विवाहिता के मायके वाले भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं मायके वालों का आरोप था कि उसकी ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या की है। जबकि मृतका की शांति करीब दो वर्ष पहले ही हुई थी। इस मामले में मृतका के भाई गांव करार नगर, मुरादाबाद निवासी दीपक पुत्र सतपाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार गौड़ ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति अर्जुन, ससुर मुन्ने, सास जगवती, जेठ अरविद व देवर संजीव के खिलाफ दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया कि घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंसेट..
11 माह के बच्चे से छूटा ममता का आंचल
स्योहारा : मुरादाबाद के गांव करारनगर निवासी सोनिका की शादी मात्र दो साल पहले ही क्षेत्र के गांव मुबारकपुरगढ़ी निवासी अर्जुन से हुई थी। इस बीच उसके 11 माह का बच्चा लक्ष्य भी है। मां की मौत होने पर उससे ममता का आंचल छिन गया। अभी इस उम्र में बच्चे को क्या पता कि उससे मां को भगवान ने छीन लिया है। हालांकि बच्चा भी बिलख-बिलख कर रो रहा था। किसी को ऐसा अभास नहीं था कि 11 माह में ही उससे उसकी मां का प्यार छूट जाएगा।